विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और चीन के विदेश मंत्री वांग यी
- फोटो : PTI
शनिवार को दिल्ली में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से पीओके में आर्थिक गलियारे पर भारत की चिंता को मजबूती से रखा था। भारत की चिंता पर प्रतिक्रिया देते हुए चीन के सरकारी अखबार ने कहा,'चीन, भारत के विरोध की वजह से चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) के विचार को नहीं छोड़ेगा।' पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से होकर गुजरने वाले चीन के आर्थिक गलियारे पर भारत द्वारा विरोध किए जाने पर चीन के मीडिया ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
ग्लोबल टाइम्स ने ने लिखा, 'भारत को आर्थिक गलियारे को लेकर सकारात्मक रवैया अपनाना चाहिए। इस योजना से क्षेत्र में तेज विकास होगा और स्थानीय लोगों को इसका फायदे मिलेगा। अगर चीन और पाकिस्तान के आर्थिक सहयोग से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे में सुधार होता है, तो इससे भारत के पास भी मध्य एशिया तक व्यापार मार्गों का विस्तार करने का मौका होगा।'
अखबार में प्रकाशित लेख के अनुसार,'हाल के वर्षों में चीन ने दोनों देशों भारत और पाकिस्तान के साथ आर्थिक रिश्ते विकसित किए हैं, इसलिए चीन की किसी का पक्ष लेने में रूचि नहीं है।' लेख में कहा गया,'क्षेत्र में सीपीईसी समाधान के लिए विदेशी निवेशकों को रोकने के बजाए, भारत को अपना ध्यान कश्मीर विवाद हल करने के लिए पाकिस्तान से बातचीत पर केंद्रित करना चाहिए।'