अमेरकी यात्रा पर गए दलाई लामा के मशहूर पॉप सिंगर लेडी गागा से मिलने पर चीन ने लामा के कुटिल इरादों को लेकर लोगों को सावधान किया है। दलाई लामा के लेडी गागा से मिलकर प्यार और दया की बातों पर चीन ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि इसमें उनकी कुटिल मंशा छिपी हुई है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हांग ली ने कहा कि दूसरे देशों में उनकी यात्रा और कामों का सिर्फ एक मकसद है और वह है तिब्बत की आजादी का प्रस्ताव रखना। ली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जगत के लोगों को उनके सही रंग और व्यवहार को पहचान लेना चाहिए। चीन हमेशा तिब्बतियन धार्मिक गुरु पर इल्जाम लगाता रहता है।
लामा एक राजनीतिक शख्सियत के रूप में हिमालयी क्षेत्र के तिब्बत को बाकी चीन से अलग करने की मांग करते रहते हैं। दलाई लामा का सामान्य रूप में कहना है कि वह चीन के शासन में बड़े स्तर की स्वायत्तता चाहते हैं। दलाई लामा दो हफ्ते पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से चीन की शिकायत को लेकर मिल चुके हैं।