चीन ने दावा किया है कि तेजी से बंजर होती जमीन को वापस उपजाऊ बनाने में उसे बड़ी कामयाबी मिल रही है। पिछले एक दशक से रेगिस्तान का क्षेत्र लगातार सिकुड़ रहा है। स्टेट फॉरेस्ट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख जांग जियानलांग ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सालाना औसतन 2,424 वर्ग किमी का क्षेत्र रेगिस्तान में तब्दील हुआ जबकि 1990 के दशक में यह आंकड़ा 10,400 वर्ग किमी था, जो काफी ज्यादा था।
विभाग के उप प्रमुख जांग योंगली ने कहा कि बंजर धरती को उपजाऊ बनाना एक बड़ा बदलाव है लेकिन उन्होंने आगाह भी किया कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है। तेजी से बढ़ता मरुस्थल एक वैश्विक समस्या बन चुका है।
एक अनुमान के मुताबिक धरती का एक तिहाई हिस्सा बंजर हो चुका है या फिर बंजर होने के कगार पर है। इससे दुनिया भर में लाखों लोग प्रभावित हैं। चीन पिछले कई दशकों से मरुस्थल को कम करने के लिए वृक्षारोपण अभियान चला रहा है।