चीन पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे अपने दूसरे प्रायोगिक प्रयोगशाला पर दो अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने के लिए सोमवार को एक मानवयुक्त अंतरिक्ष यान अंतरिक्ष में भेजेगा। ये अंतरिक्ष यात्री एक महीने तक वहां रहकर 2022 तक चीन के लक्षित स्थायी अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना की मुहिम को पूरा करने में अपना योगदान देंगे।
चीनी अंतरिक्ष यात्री 50 वर्षीय जिंग हैपेंग और 37 वर्षीय चेन डोंग उत्तरी चीन में गोबी मरूभूमि के पास जियूकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से सुबह 7:30 बजे ‘शेनझोउ-11’ अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरेंगे।
चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष इंजीनियरिंग कार्यालय की उपनिदेशक वु पिंग ने कहा कि इस अभियान को लांच मार्च-2एफ कैरियर रॉकेट से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानवयुक्त अंतरिक्ष यान दो दिन के अंदर पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे तियांगांग-2 अंतरिक्ष प्रयोगशाला में पहुंच जाएगा और अंतरिक्षयात्री वहां 30 दिनों के लिए रहेंगे।