दुनिया का सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला देश चीन दूसरे बच्चे के लिए दंपतियों को प्रोत्साहित करने के मकसद से ‘बेबी बोनस स्कीम’ लांच करने की योजना में है। इसके तहत दूसरे बच्चे के जन्म पर दंपतियों को आर्थिक मदद दी जाएगी। चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक हालिया सर्वे में खुलासा हुआ है कि चीन में दंपति आर्थिक दिक्कतों को चलते एक से ज्यादा बच्चा नहीं चाहते हैं।
चाइना डेली ने बताया कि नेशनल हेल्थ एंड फेमिली प्लानिंग कमीशन के उप मंत्री वांग पेईयन ने एक सामाजिक कल्याण कांफ्रेंस में इस बाबत योजना शुरू करने की बात कही है। इससे पहले पिछले साल चीन ने चार दशक पुरानी विवादित ‘वन चाइल्ड’ (एक बच्चा) की पॉलिसी में ढील दी थी, जिसके बाद से चीनी दंपतियों को दो बच्चे पैदा करने का अधिकार मिल गया था।