आने वाले समय में घर बनवाने में शायद एक मूवी शो देखने जितना ही समय लगे। चीन की एक कंपनी झुओदा ग्रुप ने तीन घंटे से भी कम समय में न केवल दो मंजिली कोठी तैयार कर दी बल्कि इंटीरियर डेकोरेशन और पानी की पाइपलाइन तैयार करने के अलावा बिजली की वायरिंग भी कर दी।
इसके लिए थ्री डी प्रिंटिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया और घर के विभिन्न हिस्सों को जोड़ कर कोठी तैयार कर दी गई। उत्तर पश्चिम चीन के शांक्सी राज्य के जियान में 17 जुलाई को एक क्रेन ने ड्राइंग रूम, बेडरूम, किचन और आराम घर के विभिन्न हिस्सों को तीन घंटे से कम में जोड़ कर पूरी कोठी तैयार दी।
घर के विभिन्न हिस्सों का निर्माण थ्री डी प्रिंटिंग के इस्तेमाल के जरिए एक फैक्ट्री में किया गया था। थ्री डी प्रिंटेड कोठी की डिजाइन और प्रिंटिंग के इंचार्ज इंजीनियर ने कहा, ‘अगर कोठी का निर्माण पारंपरिक तरीके से किया जाए तो इसमें छह महीने का वक्त लगता है। जबकि थ्री डी प्रिंटिंग तकनीक के इस्तेमाल के जरिए इस प्रक्रिया को मात्र 10-12 दिनों में पूरा किया जा सकता है।’
25 से 30 हजार तक है लागत
पीपुल्स डेली ऑनलाइन की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस तकनीक के जरिए प्रति वर्ग मीटर निर्माण की लागत लगभग 400-480 डॉलर (25,200-30,552 रुपये) आती है। परिवहन, मजदूरी, निर्माण के सामान, मशीनरी और जोड़ने की लागत घटने के कारण घर बनाना काफी सस्ता पड़ता है।
थ्री डी होम प्रिंटर उच्च तकनीक वाली एक विशालकाय मशीन होती है। इस मशीन का संचालन रोबोट द्वारा किया जाता है। इस मशीन को कंप्यूटर के जरिए जोड़ना होता है। फिर कंप्यूटर पर घर का थ्री डी डिजाइन बनाना होता है।
इसके बाद कंप्यूटर से मशीन को कमांड दिया जाता है और यह घर के अलग-अलग हिस्सों का निर्माण करता है।
इस तरह करता है काम
प्रिंट करने से पहले मशीन में मैटिरियल डालना होता है। थ्री डी होम प्रिंटिंग की प्रक्रिया घर के छोटे-छोटे हजारों टुकड़ों के माध्यम से पूरी की जाती है।
जब मशीन के जरिए प्रिंट किया जाता है तो ये टुकड़े एक दूसरे से जुड़ते चले जाते हैं। ये टुकड़े एक साथ जुड़कर एक ठोस हिस्से का रूप ले लेते हैं।
इस तकनीक का इस्तेमाल कर बड़े से बड़े कंस्ट्रक्शन के काम को बहुत कम समय में पूरा किया जा सकता है। इसके अलावा, इसके जरिए घर के निर्माण में लागत भी कम आती है।