विश्व में जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 10.60 करोड़ पार हो गई वहीं मृतकों की तादाद भी 23.11 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। इस बीच, भारत के बाद चीन ने भी नेपाल को कोविड-19 टीकों की पहली खेप भेजी है। चीनी अधिकारियों ने शनिवार को यहां कहा कि नेपाल को अनुदान के तौर पर टीकों की 5,00,000 खुराकें भेजी जाएंगी।
नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया कि चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने अपने नेपाली विदेश मंत्री प्रदीप ग्यावली के साथ फोन पर बात की और आश्वासन दिया कि टीका सहयोग में चीन नेपाल को प्राथमिकता देगा।
बता दें कि काठमांडो में चीन के दूतावास ने हाल ही में कहा गया था कि चीन नेपाल को टीकों की 3,00,000 खुराकें देगा जिससे नेपाल के 1,50,000 लोग लाभान्वित हो सकते हैं। चीन के इस फैसले को बीजिंग की टीका कूटनीति के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले 22 जनवरी को भारत ने नेपाल को कोविड-19 की दस लाख खुराकें भेंट की थीं।
अमेरिका के 33 राज्यों में खतरा बरकरार
अमेरिका में कोविड-19 के नए स्वरूप से जुड़े 618 मामलों की अब तक पहचान हुई है। देश में अब इस नए वैरिएंट का खतरा बढ़ रहा है। जबकि संक्रामक रोग विभाग के मुताबिक तमाम कोशिशों के बावजूद देश के 33 राज्यों में हालात अब भी खतरनाक हैं। खास बात यह है कि इन राज्यों में मिले 618 में से 611 केस एक ही वैरिएंट से जुड़े हैं, जो सबसे पहले ब्रिटेन में पाया गया है।