फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांग्लादेश जा रही थी मिसाइल बनाने की खेप: इंडोनेशिया ने पकड़ा जहाज; चीन कनेक्शन ने बढ़ाई हलचल, क्या है मामला?

Mon, 23 Nov 2026 07:10 PM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, जकार्ता।

सार

चीन से बांग्लादेश जा रहे एमवी स्टार लाइन्स जहाज को इंडोनेशियाई नौसेना ने रोककर 405 टन सोडियम परक्लोरेट और लाखों बिना रजिस्ट्रेशन वाले सिम कार्ड जब्त किए हैं। नौसेना के एक अधिकारी के मुताबिक, इस रसायन से करीब 100 मिसाइलें बनाने की क्षमता हो सकती है। जहाज के दस्तावेजों में गड़बड़ी और सुरक्षा उपकरणों की कमी भी मिली है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चीन से बांग्लादेश जा रहे एक मालवाहक जहाज को इंडोनेशियाई नौसेना ने बीच समुद्र में रोककर ऐसी खेप पकड़ी है, जिसने कई देशों की सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान खींचा है। जहाज पर 405 टन सोडियम परक्लोरेट और लाखों बिना रजिस्ट्रेशन वाले 4G सिम कार्ड मिले हैं। यह रसायन रॉकेट और मिसाइलों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन को तैयार करने में काम आता है। इंडोनेशियाई नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी का दावा है कि इतनी मात्रा से करीब 100 मिसाइलें बनाई जा सकती हैं। अब सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी खेप बांग्लादेश किस मकसद से भेजी जा रही थी और वहां इसे किसके हवाले किया जाना था।
विज्ञापन


चीन से चला जहाज इंडोनेशिया में क्यों रोका गया?
बांग्लादेश के अखबार 'द बिजनेस स्टैंडर्ड' की 23 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, कोमोरोस के झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी स्टार लाइन्स चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह जा रहा था। 7 नवंबर को यह इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा इलाके में बेलावान के पास समुद्र में पकड़ा गया। जहाज को 8 नवंबर को मोंगला पहुंचना था। इंडोनेशियाई नौसेना को जहाज की गतिविधियां सामान्य नहीं लगीं। बताया गया कि जहाज ने अपने तय रास्ते से हटकर बेलावान के पास एक अनजान जगह पर ठहराव किया था। शक होने पर नौसेना के गश्ती जहाज KRI सिगालू-857 ने उसे रोक लिया। अधिकारियों के मुताबिक, जहाज के चालक दल ने रेडियो संदेशों का भी जवाब नहीं दिया था।

36 कंटेनरों में छिपी थी बड़ी खेप
इंडोनेशियाई नौसेना ने 20 नवंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की जानकारी दी। जहाज के कुल 36 कंटेनरों की जांच की गई। इनमें से 15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट रखा हुआ था। इसके अलावा 54 पैलेट में लाखों खाली 4G LTE सिम कार्ड भी मिले, जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया था। सोडियम परक्लोरेट एक ऐसा रसायन है जो आग लगने की प्रक्रिया को तेज करने में मदद करता है। इसका इस्तेमाल कई औद्योगिक कामों में होता है। इसके अलावा रॉकेट और मिसाइलों में इस्तेमाल होने वाले ठोस प्रणोदक बनाने में भी यह काम आता है। हालांकि, यह अपने आप में न तो विस्फोटक है और न ही मिसाइल का तैयार ईंधन।
विज्ञापन


405 टन रसायन से बन सकती हैं 100 मिसाइलें?
इंडोनेशियाई नौसेना के नेवल रीजनल कमांड I के कमांडर रियर एडमिरल डेनी सेप्टियन ने इस रसायन को रणनीतिक रूप से अहम बताया है। TBS की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि जब्त की गई मात्रा से करीब 100 मिसाइलें बनाने की क्षमता हो सकती है। इस दावे ने मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि जहाज पर तैयार मिसाइलें या पूरा मिसाइल बनाने का सामान मिला है। फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि इस रसायन का इस्तेमाल किस काम के लिए होना था।

बांग्लादेश में किसे मिलनी थी यह खेप?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल बांग्लादेश को लेकर है। बांग्लादेश के पास हथियार और गोला-बारूद बनाने की अपनी औद्योगिक व्यवस्था है, लेकिन रॉकेट और मिसाइल निर्माण के लिए जरूरी बड़े स्तर का बुनियादी ढांचा सीमित बताया जाता है। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में सोडियम परक्लोरेट वहां क्यों भेजा जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। अभी तक न तो बांग्लादेशी आयातक का नाम सामने आया है और न ही यह पता चला है कि माल किस कंपनी या संस्था को मिलना था। अधिकारियों के मुताबिक, आयात से जुड़े दस्तावेजों की जांच से इस बारे में जानकारी मिल सकती है।

जहाज के कागजों में भी मिली गड़बड़ी
जांच के दौरान जहाज के रजिस्ट्रेशन और शिपिंग दस्तावेजों में भी कई विसंगतियां सामने आई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, जहाज के कागजों में उसका रजिस्ट्रेशन अक्टूबर 2027 तक वैध बताया गया था, जबकि रिकॉर्ड में उसका स्टेटस निलंबित दिख रहा था। एक अन्य रिपोर्ट में रजिस्ट्रेशन की वैधता 8 अक्टूबर 2026 को समाप्त होने की बात कही गई है। नौसेना को यह शक भी है कि जहाज ने अपनी यात्रा के दौरान ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) बंद कर दिया था। इस सिस्टम से समुद्र में जहाज की पहचान और उसकी लोकेशन का पता चलता है। इसके अलावा जहाज पर लाइफ राफ्ट, अग्निशमन उपकरण और बचाव नौकाओं से जुड़ी कमियां भी मिली हैं। इंडोनेशियाई अधिकारी इन सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: रोहिंग्या संकट पर बांग्लादेश की नई पहल: थाईलैंड से मांगा समर्थन; क्या भारत की सुरक्षा पर असर की आशंका?
विज्ञापन


मोंगला बंदरगाह पर चीन की बढ़ती मौजूदगी
इस पूरे मामले का एक अहम पहलू मोंगला बंदरगाह भी है। यह बांग्लादेश का दूसरा सबसे बड़ा बंदरगाह है और दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित है। भारत के लिए भी इसकी रणनीतिक अहमियत है। 2015 और 2018 के समझौतों के तहत भारत को मोंगला और चट्टोग्राम बंदरगाहों के इस्तेमाल की सुविधा मिली थी। इससे पूर्वोत्तर राज्यों तक सामान पहुंचाना आसान हुआ है। दूसरी ओर, चीन भी इस इलाके में अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। जून 2026 में बांग्लादेश ने मोंगला के पास 110 एकड़ जमीन पर आर्थिक क्षेत्र विकसित करने के लिए चीन की सरकारी कंपनी चाइना सिविल इंजीनियरिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन के साथ समझौता किया था। चीन मोंगला बंदरगाह के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए करीब 336 मिलियन डॉलर का कर्ज भी दे चुका है। फिलहाल इंडोनेशियाई नौसेना जहाज के चालक दल, कार्गो के दस्तावेजों और खेप से जुड़े लोगों की जांच कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें