पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए बम विस्फोट में चीन के नौ नागरिकों की मौत के बाद दोनों देशों के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है। अपनों को खोने के बाद चीन ने विस्फोट की पड़ताल के लिए पाकिस्तान में विशेष जांच टीम भेजी है। साथ ही दोनों मुल्कों के बीच अहम माने जाने वाली सीपीईसी की बैठक भी रद्द हो गई है। बता दें कि पाकिस्तान में हुई इस घटना में नौ चीनी इंजीनियरों सहित 13 लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद चीन ने कहा था कि वह पाकिस्तान में बस में हुए विस्फोट की जांच के लिए अपनी एक विशेष टीम भेज रहा है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बस में हुए भीषण विस्फोट में 9 चीनी नागरिकों की मौत के बाद बीजिंग ने शुक्रवार को होने वाली चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) की अहम बैठक को स्थगित कर दिया है।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बस में विस्फोट से 9 चीनी नागरिकों समेत 13 की मौत
बता दें कि यह घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अपर कोहिस्तान जिले के दसू इलाके में हई, जिसमें 9 चीनी नागरिक समेत 13 लोगों की मौत हो गई। चीनी इंजीनियर और मजदूर की मदद से बांध का निर्माण हो रहा है। यह बांध 60 अरब डॉलर की लागत वाले चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) का हिस्सा है।
सीपीईसी की बैठक रद्द
चीन-पाकिस्तान के बीच होने वाली महत्वपूर्ण बैठक रद्द होने की जानकारी चाइना-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर के प्रमुख मेजर जनरल असीम बाजवा ने दी। बाजवा ने ट्वीट कर कहा,' सीपीईसी की यह बैठक अब ईद के बाद होगी। CPEC पर जेसीसी-10 की बैठक जो 16 जुलाई 2021 को होने वाली थी, उसे ईद के बाद बाद की तारीख के लिए स्थगित कर दिया गया है। जल्द ही एक नई तारीख का एलान किया जाएगा। हालांकि, इस बीच तैयारी जारी है।'