कम्युनिस्ट पार्टी के शासन के 70 साल पूरे होने के मौके पर मंगलवार को चीन ने दुनिया के सामने अपनी सैन्य ताकत दिखाई। 70वीं वर्षगांठ की परेड में चीन ने नई मिसाइल डीएफ-41 को पहली बार दुनिया के सामने पेश किया। यह 15 हजार किलोमीटर तक मार कर सकती है। यानी अमेरिका तक पहुंचने में इसे महज 30 मिनट लगेंगे।
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि कोई ताकत चीन को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। जिनपिंग ने अपने भाषण में कहा, कोई ताकत चीन के स्थायित्व को नहीं हिला सकती। न कोई चीन और उसके लोगों को आगे बढ़ने से रोक सकता है। हम सभी देशों के लोगों के साथ काम करना जारी रखेंगे जो मानवता के भविष्य के लिए काम करने में यकीन रखते हैं।
वहीं, दूसरी तरफ चीन के खिलाफ हांगकांग में मंगलवार को फिर से विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति के सीने में गोली लग गई। प्रदर्शन कर रहे लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों ने चीन के झंडों को जलाया और सभी लोगों के लिए चुनाव लड़ने की आजादी की मांग की।
बता दें कि चीन के पास दुनिया की सबसे बड़ी सेना मौजूद है। उसमें 20 लाख सैनिक हैं। चीन की नई मिसाइल डीएफ-41 इंटरकॉन्टिनेंटल बैलेस्टिक मिसाइल 15 हजार किलोमीटर तक मार करने में सक्षम है। यह दुनिया की सबसे ताकतवर मिसाइल है। इसमें अलग-अलग क्षमता वाले 10 न्यूक्लियर वॉरहेड्स भी लगाए जा सकते हैं।