भारत के लिए पाकिस्तान इतनी बड़ी चुनौती नहीं है, जितनी बड़ी चुनौती चीन है। पाकिस्तान को बढ़ावा देकर चीन, भारत की मुश्किलों को बढ़ा रहा है। पाकिस्तान को भारत लगातार करारा जवाब दे रहा है। कुछ लोग इस पर राजनीति कर रहे हैं जो गलत है। सर्जिकल स्ट्राइक के सुबूत पेश करना देश हित में नहीं है।
यह बात रक्षा मामलों के विशेषज्ञ एवं किंग्स कॉलेज लंदन में रक्षा अध्ययन विभाग और भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में अंतरराष्ट्रीय संबंधों के प्रोफेसर डा. हर्ष वी पंत ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के नए सेनाध्यक्ष से ज्यादा कोई उम्मीद भारत को नहीं रखना चाहिए।
पंत शनिवार को रामपुर में थे। वह यहां एक परिचित के यहां आए थे। इस दौरान उन्होंने भारत पाकिस्तान के संबंधों के बारे में साफ कहा कि भारत पाकिस्तान के बीच मधुर संबंध हों इसके लिए भारत की ओर से हर कोशिश हो रही है, लेकिन पाकिस्तान इस रिश्ते को मधुर बनाने का इच्छुक नहीं है। पाकिस्तान लगातार अपनी सीमाओं को लांघ रहा है। इसको रोकने के लिए भारत मुंहतोड़ जवाब दे रहा है।