फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

टेंशन में ड्रैगन: पाकिस्तान में सियासी उथलपुथल से चिंतित हुआ चीन, अधर में लटकी हैं कई परियोजनाएं

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद Published by: संजीव कुमार झा Updated Fri, 18 Mar 2022 02:37 PM IST

सार

पर्यवेक्षकों के मुताबिक पाक में इमरान खान सरकार गिरने के बाद की स्थिति पर चीन गंभीरता से विचार कर रहा है। समझा जाता है कि अगर नई सरकार बनने की नौबत आई, तो चीन चाहेगा कि उसका नेतृत्व पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) करे।
विज्ञापन
विज्ञापन
इमरान खान और शी जिनपिंग - फोटो : self


पाक में इमरान सरकार गिरने के बाद की स्थिति पर गंभीरता से विचार कर रहा चीन

पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में 342 सदस्य हैँ। 27 मार्च को अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाले मतदान के दौरान प्रधानमंत्री इमरान खान अगर 172 सदस्यों का समर्थन हासिल नहीं कर सके, तो उनकी सरकार गिर जाएगी। ऐसा होने की मजबूत संभावना मानी जा रही है। पर्यवेक्षकों के मुताबिक पाक में इमरान खान सरकार गिरने के बाद की स्थिति पर चीन गंभीरता से विचार कर रहा है। समझा जाता है कि अगर नई सरकार बनने की नौबत आई, तो चीन चाहेगा कि उसका नेतृत्व पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) करे। चीन अभी पाकिस्तान की ताजा सियासी घटनाओं पर टिप्पणी करने से बच रहा है। वह इस संभावना को भी लेकर चल रहा है कि इमरान खान सरकार बच सकती है। फिलहाल चीन की रणनीति पाकिस्तान के किसी प्रमुख राजनीतिक दल में अपने प्रति विरोध भाव पैदा ना करने की है।


अधर में  लटकीं हैं चीन की कई परियोजनाएं

चीन अपनी बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) के तहत पाकिस्तान में 50 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश कर चुका है। चीन-पाकिस्तान इकॉनमिक कॉरिडोर (सीपीईसी) को बीआरआई का बेहद अहम हिस्सा माना जाता है। पाकिस्तानी विश्लेषकों की राय है कि अगर पाकिस्तान में नई सरकार बनी, तो उससे सीपीईसी पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पीएमएल-नवाज पार्टी के नेतृत्व में सरकार बनी तो वह अधिक उत्साह के साथ सीपीईसी की परियोजनाओं को आगे बढ़ाएगी।


विशेषज्ञों की अलग-अलग राय

इस्लामाबाद स्थित कायद-ए-आजम यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स एंड इंटरनेशनल रिलेशन्स में प्रोफेसर इश्तिहाक अहमद ने वेबसाइट निक्कईएशिया.कॉम से कहा कि असल में चीन पीटीआई से नाराज रहा है। पीटीआई के शासनकाल में सीपीईसी परियोजनाओं पर काम धीमी गति से आगे बढ़ा है। पीएमएल-नवाज की पूर्व सरकार के समय चीनी अधिक खुश थे। अगर पीएमएल-नवाज की सत्ता में वापसी हुई, तो उससे चीन उत्साहित होगा। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी इस राय सहमत दिखते हैँ। वॉशिंगटन स्थित विल्सन सेंटर में एशिया प्रोग्राम के उप निदेशक माइकल कुगेलमैन ने निक्कई एशिया से कहा- ‘चीन पीएमएल-नवाज सरकार के साथ अधिक सहज स्थिति में था। इमरान खान सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाई, जिससे चीन चिंतित हुआ। फिर चीन इसको लेकर भी चिंतित रहा है कि इमरान खान सरकार ने उसकी परियोजनाओं और उसके नागरिकों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ठीक से हल नहीं किया।’


लेकिन पाकिस्तान की सरगोधा यूनिवर्सिटी में स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ चाइना स्टडीज के निदेशक फजल रहमान ने इससे अलग राय जताई है। उनके मुताबिक चीन नहीं चाहेगा कि मौजूदा सरकार गिरे। वह चाहेगा कि पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन अगले साल होने वाले आम चुनाव के जरिए हो। रहमान ने कहा- ‘अविश्वास प्रस्ताव के क्रम में आंदोलन होने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा होने की आशंका है। आर्थिक मुसीबत से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए ये अच्छी बात नहीं होगी।'
विज्ञापन
विज्ञापन
Next