ताइवान और चीन के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि उसने अपने आसपास 10 चीनी सैन्य विमानों और 10 नौसैनिक जहाजों की गतिविधि दर्ज की है। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा आज सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) तक ताइवान के चारों ओर 10 चीनी विमान और 10 नौसैनिक जहाजों की गतिविधि दर्ज की गई। इनमें से चार विमानों ने ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा पार कर उत्तर और दक्षिण-पश्चिमी हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया। मंत्रालय ने कहा कि #ROCArmedForces लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इससे पहले शनिवार को भी ताइवान ने 18 चीनी सैन्य विमान, 7 नौसैनिक जहाज और 1 सरकारी जहाज अपनी सीमा के आसपास देखे थे। इनमें से 10 विमानों ने ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था।
ताइवान के चारों ओर चीन की बढ़ी गतिविधि
शुक्रवार को चीन की ओर से सबसे बड़ी सैन्य गतिविधि दर्ज की गई, जब 38 चीनी लड़ाकू विमान और 9 नौसैनिक जहाज ताइवान के चारों ओर सक्रिय पाए गए थे। उनमें से 31 विमानों ने मध्य रेखा पार की थी। गौरतलब है कि ताइवान स्ट्रेट की मध्य रेखा चीन और ताइवान के बीच एक अनौपचारिक सीमा मानी जाती है, लेकिन बीजिंग ने हाल के वर्षों में इसे बार-बार तोड़ा है, जो ताइवान पर दबाव बढ़ाने की उसकी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें:- US Shutdown: इटली-पुर्तगाल समेत कई देशों में संघर्ष कर रही अमेरिकी सेना, समझिए शटडाउन का असर अब यूरोप पर कैसे?
डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी
इस बीच, हाल में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को चेतावनी दी है कि अगर उसने ताइवान के खिलाफ कोई सैन्य कदम उठाया, तो उसके गंभीर नतीजे होंगे। ट्रंप ने सीबीएस को दिए एक इंटरव्यू में कहा अगर चीन ने ऐसा कदम उठाया, तो उसे पता है कि उसके क्या परिणाम होंगे। मैंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की और इस पर बात नहीं हुई, क्योंकि वह अच्छी तरह जानते हैं कि अगर ऐसा कुछ होता है, तो क्या होगा। हालांकि, ट्रंप ने अपनी रणनीति का खुलासा करने से इनकार किया और कहा कि वह 'अपनी चाल' गुप्त रखना चाहते हैं।