चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण पर पड़ोसी देश चीन ने मंगलवार को भारत को बधाई दी। इसके साथ ही चीन ने अंतरिक्ष में अन्वेषण के लिए भारत के साथ काम करने की इच्छा भी जताई। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने एक सवाल पर कहा, ‘इसकी बधाई। हमने संबंधित खबरें देखी हैं और हम भारत के इस कामयाब प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं।’
भारत ने सोमवार को अपने दूसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-2’ का सोमवार को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) से सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। अपने सबसे ताकतवर रॉकेट जीएसएलवी-मार्क-3-एम1 ने प्रक्षेपण के करीब 16 मिनट बाद यान को पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया। चंद्रयान-2 चंद्रमा के अब तक अनछुए रहे दक्षिणी ध्रुव में एक रोवर को लैंड करेगा, जो चंद्रमा के इस क्षेत्र की पड़ताल कर जानकारियां जुटाएगा।
हुआ चुनियिंग ने कहा, ‘चीन बाह्य अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण इस्तेमाल को लेकर प्रतिबद्ध है और हम इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय संचार और सहयोग में सक्रियता से जुड़े हैं।’ उन्होंने कहा, ‘मानवता को और फायदा प्रदान करने के लिए हम भारत के साथ अंतरिक्ष के लिए काम करना चाहेंगे।’