दुनियाभर में इस वक्त कोरोना महामारी से स्थिति भयावह बनी हुई है। चीन के वुहान शहर से फैली इस जानलेवा महामारी की वजह से अब तक पूरी दुनिया में लाखों लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे समय में अब एक नई रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है।
एक वैज्ञानिक ने चेतावनी दी है कि कोविड-19 से भी घातक एक महामारी का आना बाकी है जो वैश्विक आबादी का आधा हिस्सा मिटा सकती है। लोकप्रिय पुस्तक 'हाउ नॉट टू डाई’ के लेखक डॉ. माइकल ग्रेगर ने दावा किया है कि मुर्गियां अगली महामारी का कारण हो सकती हैं, जो और भी भयावह हो सकती है।
उनके अनुसार, मुर्गी के फार्मों से एक खतरनाक वायरस निकल सकता है, जिसकी वजह से दुनिया में कोरोना से भी अधिक मौतें हो सकती हैं। अपनी नई किताब 'हाउ टू सर्वाइव अ पेंडेमिक' में, शाकाहारी अमेरिकी पोषण विशेषज्ञ डॉ माइकल ग्रेगर लिखते हैं कि पोल्ट्री द्वारा निकला वायरस कोरोनोवायरस की तुलना में मनुष्यों के लिए और भी अधिक खतरा पैदा कर सकता है।
ग्रेगर के मुताबिक जब तक इंसान मांसाहार पर आश्रित रहेगा और इसका इस्तेमाल करता रहेगा, नई महामारियों की संभावना बनी रहेगी।
गौरतलब है कि कोविड-19 नाम का वायरस चीन के वुहान स्थित मीट मार्केट से निकला था जो एक इंसान से होते हुए दूसरे में पहुंचता गया और देखते-देखते दुनियाभर में फैल गया और अब तक तीन लाख से अधिक लोगों की जान ले चुका।