मध्य अफ्रीकी देश चाड की राजधानी में सेना के आयुध डिपो में विस्फोट की खबर सामने आ रही है। इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि 46 अन्य घायल हो गए। राष्ट्रपति इदरीस डेबी ने हताहतों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और देश के रणनीतिक शस्त्रागार डिपो में विस्फोट की जांच के आदेश दिए।
चाड के स्वास्थ्य मंत्री अब्देलमदजीद अब्देरहीम ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार देर रात राजधानी एन जामेना में हुए विस्फोट में पांच सैनिक और चार नागरिक मारे गए। उन्होंने बताया कि घायलों की संख्या 46 है। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घायलों में से कई लोगों की हालत बेहद गंभीर है। गौदजी में स्थित यह देश का मुख्य शस्त्रागार डिपो है और सैन्य मुख्यालय, फ्रांसिसी सेना बेस और हवाई अड्डे के पास शहर में उत्तर में है। इसके पड़ोस में कई आवासीय घर भी हैं।
इससे पहले देश के विदेश मंत्री अब्देलरमन कौलामल्ला ने फ्रांसीसी मीडिया को बताया था कि शस्त्रागार में आग दुर्घटनावश लगी। जितनी आशंका जताई जा रही थी, उससे कहीं कम लोगों की मौत हुई है। कोलामल्ला ने विस्फोट के तुरंत बाद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि गोला-बारूद के भंडार में कई लोग मारे गए हैं।
पड़ोस में रहने वाले मुस्तफा अदौम महामत ने कहा, हमारा घर ऐसे हिल रहा था जैसे कोई हम पर गोली चला रहा हो। हमने सैन्य शिविर में भीषण आग-धुआं और विस्फोट होते देखा। राष्ट्रपति डेबी ने बुधवार की सुबह घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और जांच के आदेश दिए।