पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (फाइल फोटो)।
- फोटो : Social Media
पाकिस्तान इस समय अभूतपूर्व आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। देश में महंगाई आसमान छू रही है। इसी बीच शुक्रवार को पाकिस्तान को थोड़ी राहत मिली। पाकिस्तान की बीमार अर्थव्यवस्था की मदद के लिए उसके सदाबहार सहयोगी चीन ने 70 करोड़ अमेरिकी डॉलर की नकद राशि दी है।
पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने इस सप्ताह की शुरुआत में घोषणा की थी कि पाकिस्तान चीन से मदद की उम्मीद कर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की कि पैसा ट्रांसफर कर दिया गया है। डार ने ट्वीट किया, स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान को चाइना डेवलपमेंट बैंक से शुक्रवार को 70 करोड़ डॉलर का फंड मिला। इसके बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान के विशेष मित्र (चीन) के प्रति आभार व्यक्त किया।
शहबाज शरीफ ने एक सुरक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान का एक सहयोगी देश है, हम सभी सोच रहे थे कि वे आईएमएफ समझौते की प्रतीक्षा कर रहे हैं और फिर वे अपनी भूमिका निभाएंगे लेकिन उस मित्र राष्ट्र ने कुछ दिन पहले हमें बताया था कि हम आपको यह वित्तीय सहायता सीधे तौर पर दे रहे हैं। उनकी इन बातों को कभी नहीं भुलाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को डिफॉल्ट घोषित होने से बचाने के लिए और आवश्यक जीवन रेखा को फिर से शुरू करने के लिए आईएमएफ के साथ बातचीत को अंतिम रूप देने से पहले ही यह सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने आगे कहा कि आईएमएफ के साथ बातचीत भी जल्द ही सफल होगी।
बता दें कि 31 जनवरी से नौ फरवरी तक इस्लामाबाद में आईएमएफ प्रतिनिधिमंडल के साथ दोनों पक्षों की 10 दिनों तक चली गहन वार्ता समझौते पर पहुंचने में विफल रही थी। इसके बाद पाकिस्तान और आईएमएफ अब भी वर्चुअल वार्ता कर रहे हैं। पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार, जो कुछ सप्ताह पहले 2.9 अरब अमेरिकी डालर के निम्न स्तर तक पहुंच गया था, अब बढ़कर चार अरब अमेरिकी डालर के करीब पहुंच गया है। बातचीत के सफल समापन के बाद आईएमएफ द्वारा 1.1 अरब अमेरिकी डॉलर जारी किए जाने पर उन्हें और बढ़ावा मिलेगा।