ताइवान में एक बेकाबू कार ने पैदल लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 12 साल की एक बच्ची भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी (78 वर्षीय) कार चालक हादसे के बाद से कोमा में है। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्या है मामला
पुलिस ने बताया कि एक चौराहे के ट्रैफिक पर रेड लाइट थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ड्राइवर ने रेड लाइट को अनदेखा कर कार दौड़ा दी। इस दौरान कार ने तीन स्कूटर और एक साइकिल सवार को टक्कर मारी। इसके बाद कार डिवाइडर को टक्कर मारकर रुकी। घटना राजधानी ताइपे में हुई। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें घायल सड़क पर तड़पते दिख रहे हैं। कुछ लोग उन्हें सीपीआर देने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो में चौराहे पर मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है।
मृतकों में एक 40 वर्षीय महिला और जूनियर हाई स्कूल के दो छात्र शामिल हैं। ये तीनों पास के एक हाई स्कूल से थे। घटना में 12 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में उसी स्कूल के सात छात्र शामिल हैं। हादसे में आरोपी कार चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जांच में पता चला है कि हादसे के समय ड्राइवर ने शराब नहीं पी हुई थी। पुलिस हादसे के अन्य कारणों की जांच कर रही है।