फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका: कैलिफोर्निया में हैलोवीन स्टोर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत और छह घायल; तीन की हालत गंभीर

Sat, 31 Oct 2026 06:10 PM IST
शिवम गर्ग वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन

सार

अमेरिका के कैलिफोर्निया में हैलोवीन से पहले एक दुकान में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर है। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
अपराध। (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका के कैलिफोर्निया में हैलोवीन से ठीक पहले एक दुकान में गोलीबारी की घटना हुई है। फेयरफील्ड शहर के सोलानो टाउन सेंटर स्थित स्पिरिट हैलोवीन स्टोर में शुक्रवार देर रात गोलियां चलीं। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, सभी सात लोगों को गोली लगी थी।

विज्ञापन


तीन घायलों की हालत गंभीर
फेयरफील्ड पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से कम से कम तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। यह दुकान हैलोवीन के लिए कॉस्ट्यूम और सजावट का सामान बेचती है। घटना शुक्रवार देर रात हुई, जब अमेरिका में हैलोवीन की तैयारियां चल रही थीं।

हमलावर की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि शनिवार आधी रात के आसपास जारी बयान के समय घटनास्थल पर जांच जारी थी। जासूस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रहे थे और हमले के संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल पर जांच अभी जारी है और यह एक सक्रिय अपराध स्थल है। अधिकारियों ने इस गोलीबारी को भयावह घटना बताया है।
विज्ञापन


सैक्रामेंटो से करीब 60 किलोमीटर दूर है फेयरफील्ड
फेयरफील्ड कैलिफोर्निया की राजधानी सैक्रामेंटो से करीब 37 मील यानी लगभग 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें