डोनाल्ड ट्रंप और टेरेसा मे (फाइल)
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरेसा मे ने चीन की दूरसंचार उपकरण निर्माता कंपनी हुवावे को 5जी नेटवर्क के निर्माण में मदद करने की मंजूरी दे दी है। मे ने अपने वरिष्ठ मंत्रियों और अमेरिका की ओर से दी गई सुरक्षा चेतावनी को दरकिनार करते हुए यह कदम उठाया। ब्रिटेन के एक अखबार 'द डेली टेलीग्राफ' ने अपनी रिपोर्ट में यह बात कही।
अखबार ने रिपोर्ट में कहा कि मे की अध्यक्षता में देश की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने मंगलवार को चीन की दिग्गज प्रौद्यगिकी कंपनी को "गैर-प्रमुख" बुनियादी ढांचे जैसे एंटीना के निर्माण की मंजूरी दी।
ब्रिटेन के गृह मंत्री साजिद जाविद, विदेश मंत्री जेरेमी हंट, रक्षा मंत्री गेविन विलियमसन, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री लियाम फॉक्स द्वारा टेरेसा मे के दृष्टिकोण पर चिंता जताने के बावजूद यह फैसला किया गया है।
अखबार की रिपोर्ट में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। अमेरिका ने हुवावे की 5जी प्रौद्योगिकी को अपने देश में प्रतिबंधित कर रखा है और अपने सहयोगियों को भी यही रुख अपनाने को कहा है। इसमें ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, कनाडा और न्यूजीलैंड शामिल हैं।