संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान में शिक्षा की मौजूदा स्थिति इतनी खराब है कि 2030 तक दुनिया के सतत विकास लक्ष्यों की निर्धारित समय सीमा में वहां हर चार में से एक बच्चा प्राथमिक शिक्षा भी पूरी नहीं कर पाएगा।
यह रिपोर्ट बताती है कि आतंकवाद को पनाह देने वाले पाकिस्तान में किस तरह लोगों को बुनियादी शिक्षा तक नसीब नहीं हो रही है। समाचार पत्र डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनेस्को के आंकड़े बताते हैं कि आने वाले 12 वर्षों में पाकिस्तान शिक्षा के आधे लक्ष्य को ही हासिल कर पाएगा।
देश में शिक्षा की जो मौजूदा दर है उसमें 50 फीसद युवा उच्च माध्यमिक तक की पढ़ाई भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं। यूनेस्को इंस्टीट्यूट फॉर स्टेटिस्टिक्स के निदेशक सिल्विया मोंटोया ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने की जरूरत है। यदि पाकिस्तान लक्ष्यों को पूरा नहीं कर सकता है तो इसे निर्धारित करने का कोई मतलब नहीं है।