पाकिस्तानी जेल में बंद भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को बड़ी राहत के आसार बन रहे हैं। दरअसल पाकिस्तानी सरकार जल्द ही अपने सैनिक कानून (आर्मी एक्ट) को संशोधित कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो कुलभूषण को अपने ऊपर लगे जासूसी के आरोपों पर पाक सैनिक कोर्ट से मिली मौत की सजा के फैसले के खिलाफ सिविल कोर्ट में जाने के रास्ते खुल जाएंगे।
एक भारतीय टीवी चैनल को मिली जानकारी के मुताबिक पाक सरकार ऐसा करने का मन बना रही है। इसी जुलाई में अंतरराष्ट्रीय न्यायिक अदालत (आईसीजे) ने हेग (नीदरलैंड) में पाक सरकार को इस बात के लिए लताड़ लगाई थी कि भारतीय दूतावास के अधिकारी को कुलभूषण जाधव से मिलने की अनुमति न देकर उसने वियना संधि के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। कोर्ट की कड़ी फटकार के बाद पाकिस्तान को मजबूर होकर कुलभूषण जाधव से भारतीय दूतावास के अधिकारियों से मुलाकात करानी पड़ी थी। पाक सरकार की ताजा पहल भी उसी सिलसिले की अगली कड़ी जान पड़ती है।
याद रहे कि पाकिस्तान की सैनिक अदालत ने 2017 में कुलभूषण को मौत की सजा सुनाई थी। भारत के मजबूत प्रयासों के चलते अंतरराष्ट्रीय न्यायिक अदालत ने इस मामले में पाक सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा था।
यह बात अलग है कि पाक सरकार के इस कदम से कुलभूषण जाधव को अंततः कोई निर्णायक फायदा होगा, यह कहना मुश्किल है। लेकिन आशा यही है कि अगर इस कानून में संशोधन हुआ तो कुलभूषण के मालमें में सकारात्मक बदलाव तो आएगा ही।