अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति अगले साल जनवरी में शपथ लेने से पहले अपनी कोर टीम के लिए एक के बाद एक नामों का एलान कर रहे हैं। अब उन्होंने कृषि मंत्री के लिए अपनी पसंद की घोषणा की है। ट्रंप ने यह जिम्मेदारी ब्रुक लेस्ली रोलिंस को दी है। ब्रुक लेस्ली रोलिंस ट्रंप एक अमेरिकी वकील है और ट्रंप की काफी वफादार मानी जाती हैं। इससे पहले ट्रंप ने सीईओ हावर्ड लुटनिक को अमेरिका का वाणिज्य मंत्री और व्यापार प्रतिनिधि बनाने की घोषणा की थी।
पहले कार्यकाल से ही ट्रंप की वफादार हैं ब्रुक लेस्ली रोलिंस
ब्रुक लेस्ली रोलिंस अभी 52 साल की हैं। वे अमेरिका फर्स्ट पॉलिसी इंस्टीट्यूट की अध्यक्ष और सीईओ हैं। उन्होंने पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के अधीन संयुक्त राज्य अमेरिका की घरेलू नीति परिषद के कार्यवाहक निदेशक के रूप में कार्य किया था। ट्रंप द्वारा घोषणा किए जाने के बाद रोलिंस ने अमेरिकी किसान का समर्थन करने, अमेरिकी खाद्य आत्मनिर्भरता की रक्षा और कृषि पर निर्भर अमेरिकी छोटे शहरों की बहाली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। ट्रंप ने भी इसकी सराहना की है।
रोलिंस को नामित करने के बाद ट्रंप ने अब सभी शीर्ष कैबिनेट पदों के लिए चयन पूरा कर लिया है। हालांकि लघु व्यवसाय प्रशासन और विज्ञान और प्रौद्योगिकी कार्यालय के प्रमुख जैसे कुछ निचले स्तर के पदों पर नियुक्तियां की जानी अभी बाकी हैं।
कृषि सचिव के रूप में एक बड़े विभाग को संभालेंगी ब्रुक लेस्ली रोलिंस
ट्रंप द्वारा नामित किए जाने के बाद अब अगर सीनेट ब्रुक लेस्ली रोलिंस के नाम पर अपनी सहमति जताएगी तो वे एक बड़े विभाग की जिम्मेदारी निभाएंगी। कृषि विभाग अमेरिका में तकरीबन 100,000 लोगों को रोजगार देता है। इसके साथ ही कृषि कार्यक्रमों, अनुसंधान और व्यापार, खाद्य सुरक्षा, पशु और पौधों के स्वास्थ्य और देश के जंगलों की देखरेख करता है। इसके अलावा, यह विभाग अमेरिका के सबसे बड़े खाद्य सहायता कार्यक्रम का भी प्रबंधन करता है। इस कार्यक्रम के जरिए 40 मिलियन से अधिक लोगों को लाभ होता है।
हाल ही में ये नियुक्तियां भी कीं
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को शीर्ष प्रशासनिक पदों के लिए घोषणाएं की थीं। उन्होंने एलेक्स वोंग को प्रधान उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और डॉक्टर सेबेस्टियन गोर्का को आतंकवादी रोधी के लिए वरिष्ठ निदेशक नियुक्त किया था। इसके अलावा, पूर्व सांसद डॉक्टर डेव वेल्डन को रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के निदेशक, एफडीए (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) आयुक्त के लिए मार्टी माकरी और आवास एवं शहरी विकास सचिव के रूप में स्कॉट टर्नर को चुना है।
20 जनवरी से नियुक्तियां होंगी प्रभावी
रसेल थुरलो वॉट को यूएस ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट एंड बजट (ओएमबी) का निदेशक नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियां अगले साल की 20 जनवरी से प्रभावी होंगी, जब ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। बता दें, उम्मीदवारों को उनके संबंधित पदों पर शपथ लेने से पहले अमेरिकी सीनेट द्वारा नामांकन की पुष्टि करने की आवश्यकता होती है।