अखबार ने शनिवार को कहा कि वह साफ तौर पर इसके के लिए श्रीमती ट्रंप और उनके परिवार से माफी मांगता है। 19 जनवरी को अखबार की साप्ताहिक मैगजीन में ये आर्टिकल पब्लिश किया गया था। अखबार का कहना है कि इसके कंटेंट से श्रीमती ट्रंप और उनके परिवार को जो शर्मिंदगी उठानी पड़ी, उसके लिए अखबार अपनी गलती मानता है।
अखबार ने कहा कि खेद जताते हुए वह इस नुकसान के लिए भुगतान करने को तैयार है। हालांकि टेलिग्राफ ने समझौते के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। टेलिग्राफ ने कहा कि उन्होंने मिलेनिया के पिता के व्यक्तित्व को गलत तरीके से चित्रित किया, एक आर्किटेक्चर कार्यक्रम को मिलेनिया ने क्यों छोड़ा.. इसके लिए भी गलत कारण बताए। इसके अलावा ये भी गलत रिपोर्ट किया कि डोनाल्ड ट्रंप से मिलने से पहले मिलेनिया अपने करियर में असफल रही थीं।
अखबार ने कहा, "हम मानते हैं कि श्रीमती ट्रंप अपने पति से मिलने और उनकी सहायता के बिना खुद का मॉडलिंग कार्य शुरू करने से पहले एक सफल प्रोफेश्नल मॉडल थीं।" अखबार ने वो साल भी गलत प्रकाशित किया है, जिसमें मिलेनिया की ट्रंप से मुलाकात हुई थी। टेलिग्राफ ने कहा कि आर्टिकल में वो दावा भी झूठा है, जिसमें कहा गया कि चुनाव वाली रात श्रीमती ट्रंप रोने लगी थीं।
अखबार ने अपने उस दावे को भी वापस लिया है, जिसमें उसने कहा है कि श्रीमती ट्रंप के पिता, माता और बहन ट्रंप की बिल्डिंगों में रहने के लिए 2005 में न्यूयॉर्क चले गए थे।
टेलिग्राफ ब्रिटेन के प्रमुख समाचार पत्रों में से एक है। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है जब श्रीमती ट्रंप ने ब्रिटिश अखबार को चुनौती दी हो। साल 2017 में लोकप्रिय अखबार डेली मेल पर कार्रवाई करने के बाद उन्हें डेली मेल की ओर से माफी और भुगतान किया गया था।