ब्रिटेन के नवनियुक्त प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने आम चुनाव जीतने के बाद लेबर पार्टी की सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्टार्मर ने शुक्रवार को डेविड लैमी को अपना विदेश सचिव नियुक्त किया। लैमी जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। क्योंकि 51 वर्षीय लेबर नेता ने पिछले महीने ही कहा था कि अगर उनकी पार्टी 4 जुलाई को सत्ता में आती है तो वह नई दिल्ली का दौरा करेंगे। स्टार्मर भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना चाहते हैं।
विदेश सचिव नियुक्त होने के बाद लैमी ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए पूर्व प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन द्वारा तय की गई दिवाली 2022 की समयसीमा का जिक्र किया। कहा कि कई दिवाली बिना किसी व्यापार समझौते के आईं और चली गईं और बहुत से व्यवसायों को इंतजार करना पड़ा। लैमी ने भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और व्यापार मंत्री पियूष गोयल को संदेश दिया। उन्होंने दोनों के मुक्त व्यापार समझौता करने के लिए आमंत्रित किया।
लैमी ने कहा, लेबर के साथ, एशिया में रुडयार्ड किपलिंग की उस पुरानी कविता को पढ़ने वाले बोरिस जॉनसन के दिन खत्म हो गए हैं। अगर मैं भारत में कोई कविता पढ़ता हूं, तो वह टैगोर होगी, क्योंकि भारत जैसी महाशक्ति के साथ सहयोग के क्षेत्र और सीखने के क्षेत्र असीमित हैं। लैमी ने भारत के साथ साझेदारी में काम करते हुए स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक पर जोर दिया।
लैमी ने कहा, यूरोप और एशिया दो अलग दुनिया नहीं हैं। इस चुनौतीपूर्ण माहौल में ब्रिटेन बना रहेगा और भारत के साथ सैन्य से लेकर समुद्री सुरक्षा तक, साइबर से लेकर महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों तक, रक्षा और औद्योगिक सहयोग तक सुरक्षा साझेदारी बढ़ाने की कोशिश करेगा।
इधर, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लैमी को विदेश सचिव नियुक्त होने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, यूनाइटेड किंगडम के विदेश सचिव नियुक्त होने पर डेविड लैमी को बधाई। हम भारत-यूके व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए तत्पर हैं।