ब्रिटिश प्रधानमंत्री के तौर पर अपने पहले महीने में, एंडी बर्नहम ने देश की सड़कों पर बेघर लोगों के सोने की समस्या को खत्म करने के वादे के तहत, अपनी सैलरी का 15 प्रतिशत हिस्सा बेघर लोगों की मदद करने वाली संस्थाओं को दान करने का संकल्प लिया।
बेघर लोगों को लेकर क्या कहा?
उन्होंने कहा, 'मैं किसी से भी ऐसा कुछ करने के लिए नहीं कहूंगा, जो मैं खुद करने के लिए तैयार न होऊं। मैं आगे बढ़कर नेतृत्व करना चाहता हूं। यह मुद्दा मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण है।' बर्नहैम ने कहा कि वह ऐसे देश में नहीं रहना चाहते, जहां सड़कों के कोनों पर बेघर लोगों को सोते हुए देखना आम बात हो जाए।
उन्होंने आगे कहा, 'ऐसी कई चीजें हैं, जो हम कर सकते हैं। हमने महामारी के दौरान इसे साबित कर दिया। हमें अब भी ऐसा ही करना चाहिए और यह हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए।' ऐसा अनुमान है कि बर्नहैम अपने मेकरफील्ड निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय कार्यों और बेघर लोगों के लिए काम करने वाली संस्थाओं को 26,000 पाउंड से अधिक का दान देंगे।
बर्नहम, जिन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं को संबोधित करने का अधिक सीधा तरीका अपनाया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के पहले महीने के भीतर ही बिजली बिलों पर टैक्स कम कर दिया है। इंग्लैंड में बस किराए को 2 पाउंड तक सीमित कर दिया है, सब्सक्रिप्शन रद्द करना आसान बना दिया है। फर्जी छूटों पर नकेल कस दी है।