ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मंगेतर कैरी सायमंड्स के साथ (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
कोरोना वायरस को हराकर लौटे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पिता बन गए हैं। जॉनसन की मंगेतर कैरी सायमंड्स ने बुधवार को लंदन के एक हॉस्पिटल में बेटे को जन्म दिया है। बताया जा रहा है कि मां और बेटा दोनों ही स्वस्थ हैं। कैरी के मां बनने की खबर ऐसे समय पर आई जब ऐसी उम्मीद लगाई जा रही थी कि वह गर्मियों में बच्चे को जन्म देंगी।
प्रधानमंत्री के प्रवक्ता ने कहा कि बच्चे के जन्म से दोनों ही लोग बेहद रोमांचित महसूस कर रहे हैं। ब्रिटिश पीएम और उनकी मंगेतर के लिए यह बहुत ही भावुक पल है। बोरिस मार्च में कोरोना से संक्रमित पाए गए थे और अप्रैल की शुरुआत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। कोरोना वायरस की महामारी से ठीक होने के बाद जॉनसन 12 अप्रैल को सेंट थॉमस अस्पताल से घर लौटे थे।
जॉनसन ने बताया कि कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में कैरी उन्हें बच्चे से जुड़ी हर जानकारी भेजती रहती थीं। इससे कोरोना से जंग में उनका उत्साह बना रहता था। कैरी के अंदर भी कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए थे। इसके बाद वह आइसोलेशन में चली गई थीं। कोरोना महामारी से जंग जीतकर लौटे पीएम जॉनसन के घर में खुशियां लौट आई हैं। इस जोड़े ने फरवरी के अंत में अपनी सगाई की घोषणा की थी।