ब्रिटेन के विपक्षी दल लेबर पार्टी ने ब्रिटिश भारतीयों से जुड़ने व भारत से संपर्क के लिए नए संगठन लेबर इंडियंस की शुरुआत की है। लेबर पार्टी ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब दोनों देशों में आम चुनाव की तैयारियां जारी हैं। पार्टी के नेता डेविड लैमी ने भारत को महाशक्ति बताते हुए कहा कि भारत के रणनीतिक महत्व को देखते हुए इस देश से रिश्ता दलगत राजनीति से परे है।
पार्टी के शैडो विदेश मंत्री डेविड लैमी ने लंदन में संसदीय परिसर में लेबर इंडियंस को लॉन्च कर कहा, भारत उद्यमशीलता, नवोन्वेष, वैज्ञानिक, औद्योगिक और जनसंख्या के आधार पर एक महाशक्ति है। उन्होंने कहा, बेशक, भारत के सामने अभी भी चुनौतियां हैं, लेकिन कोई संदेह नहीं कि इस भू-राजनीतिक दौर में ब्रिटेन को यह समझ लेना चाहिए कि भारत दुनिया की एक महाशक्ति है।
भारत विरोधी रुख बदला: पार्टी के पूर्व नेता जेरेमी कॉर्बिन के नेतृत्व में लेबर पार्टी से जुड़ी कुछ भारत विरोधी बयानबाजी के बारे में पूछे जाने पर लैमी ने कहा कि विपक्षी दल एक यात्रा पर है और कीर स्टार्मर के नेतृत्व में उसने खुद को बदल लिया है। उन्होंने कहा, मैं अब आगे देखना चाहता हूं।
ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक ने कहा, देश में बढ़ रहा भीड़ तंत्र
इस्राइल-हमास युद्ध के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के जरिये बनाए गए दबाव को ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने ‘भीड़ तंत्र’ बताया। उन्होंने कहा, दबाव बनाने के लिए भीड़ का उतरना खतरनाक है। इस टिप्पणी को मानवाधिकार समूह ने चिंताजनक बताते हुए आलोचना की है। सुनक ने पुलिस की एक बैठक में कहा कि यह हिंसक, डरावना बर्ताव है। सुनक ने कहा इसका उद्देश्य स्वतंत्र बहस को खत्म करना व लोकतंत्र को रोकना है।
सीमा पर अपराध रोकने पर मंथन करेंगे भारत और बांग्लादेश
भारत और बांग्लादेश के बीच द्विवार्षिक महानिदेशक-स्तरीय सीमा वार्ता इस माह ढाका में होगी। इस दौरान दोनों देश सीमा पार अपराधों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। भारत की तरफ से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक नितिन अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पांच से नौ मार्च के दौरान बांग्लादेश के दौरे पर रहेगा। बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के बीच यह 54वीं बैठक होगी। बीजीबी महानिदेशक मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज्जमां सिद्दीकी बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। बैठक ढाका के पिलखाना स्थित बीजीबी मुख्यालय में आयोजित होगी।
कैंसर और हृदय रोग को बढ़ा रहे अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड
ऑस्ट्रेलिया की डीकिन यूनिवर्सिडी की शोधकर्ता डॉ. मेलिसा लेन ने कई अन्य यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के साथ मिलकर अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड (यूपीएफ) पर हुए 14 बड़े शोधों के नतीजों की समीक्षा की है। इसमें सामने आया कि लगातार यूपीएफ का सेवन करने वाले लोगों में कैंसर व हृदय संबंधी रोगों की वजह से मरने की आशंका 66 फीसदी तक बढ़ जाती है। साथ ही इसकी वजह से 32 रोगों का खतरा होता है। यूपीफ यानी ऐसा पका-पकाया खाना, जिसका मूल स्वरूप पूरी तरह से बदल जाता है। यूपीएफ की वजह से ब्रेस्ट कैंसर, दिमाग में ट्यूमर, क्रॉनिक लिम्फोटिक ल्युकेमिया, कोलोरेक्टल कैंसर, पैंक्रियाटिक कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर होने का खतरा रहता है। इसके अलावा हाईपरटेंशन, हाईपरट्राइग्लिसराइडेमिया होना भी तय होता है। तमाम शोध में यह भी सामने आया है कि यूपीएफ की वजह से नींद संबंधी समस्याएं होने लगती हैं।