सार
ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन ने पाकिस्तान को असफल राष्ट्र बताते हुए कहा कि वहां लोकतंत्र नहीं, सेना राज कर रही है। साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान के अवैध कब्जे को खत्म करने की मांग की और आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मदद रोकने की बात भी कही।
ब्रिटेन के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने मंगलवार को पाकिस्तान को एक असफल राष्ट्र करार देते हुए उस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि पाकिस्तान में असल में सत्ता किसके पास है, लोकतंत्र के प्रतिनिधियों के या फिर सेना के जनरलों के? लंदन में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में पहुंचे भारतीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद ब्लैकमैन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भारत के साथ आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होना चाहिए।
भारतीय क्षेत्र में आतंकवाद फैलाने का आरोप
बॉब ब्लैकमैने ने कहा कि पाकिस्तान पर भारतीय क्षेत्र में आतंकवाद को प्रोत्साहित करने और जम्मू-कश्मीर के अवैध कब्जे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक असफल राज्य है। वहां लोकतंत्र नहीं है। वहां की सेना लोगों पर राज कर रही है और भारत की संप्रभुता में दखल दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 1947 में जैसा तय हुआ था, उसी अनुरूप पूरा जम्मू-कश्मीर भारत के अधीन होना चाहिए।
ये भी पढ़ें:- UK: ब्रिटिश सांसदों ने पाकिस्तान को मिलने वाली मदद पर जताई चिंता, आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख का किया समर्थन
अंतरराष्ट्रीय सहायता पर उठाया सवाल
साथ ही सांसद ने पाकिस्तान को मिलने वाली अंतरराष्ट्रीय सहायता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह पैसा देश के विकास या पोलियो जैसी बीमारियों से लड़ने में खर्च होना चाहिए न कि चीन से हथियार खरीदकर भारत पर आतंकी हमले करने में।
ये भी पढ़ें:- Elon Musk and Trump: एलन मस्क ने ट्रंप के टैक्स और खर्च बिल को बताया घिनौना अभिशाप, व्हाइट हाउस ने किया बचाव
अन्य ब्रिटिश नेताओं ने भी की पाकिस्तान की आलोचना
गौरतलब है कि बैठक में हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य लॉर्ड करण बिलिमोरिया और पूर्व सांसद शैलेश वारा समेत अन्य ब्रिटिश नेताओं ने भी पाकिस्तान की आलोचना करते हुए भारत के रुख का समर्थन किया। उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की और भारत के साथ सुरक्षा, व्यापार और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में रिश्ते मजबूत करने पर जोर दिया।