माउंट एवरेस्ट पर एक ब्रिटिश पर्वतारोही की मौत से दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने की कोशिश करने वालों की मौत की संख्या बढ़कर एक हफ्ते में 18 हो गई है। पर्वतारोहण अभियान के आयोजकों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर पर्वतारोहियों की मौत थकान, कमजोरी और इस मुश्किल रूट पर लगने वाले जाम के कारण हुई। ब्रिटिश पर्वतारोही रॉबिन फिशर (44) शनिवार सुबह शिखर पर पहुंचे, लेकिन ढलान से महज 150 मीटर नीचे उतरने पर वह गिर गए। एवरेस्ट परिवार एक्सपेडिशन के मुरारी शर्मा ने कहा कि हमारे गाइड ने मदद करने की कोशिश की, लेकिन फिशर की मौत हो गई।
एवरेस्ट पर भारत के चार और अमेरिका, ऑस्ट्रिया और नेपाल के एक-एक पर्वतारोही की मौत पिछले एक सप्ताह में हो चुकी है। इसके अलावा एक और आयरिश पर्वतारोही की मौत हुई है। वहीं, एवरेस्ट पर लगे जाम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने से पर्वतारोहियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।