अमेरिका में ब्रिटिश राजदूत किम डेरॉक ने लीक हुए ई-मेल को लेकर चल रहे कूटनीतिक विवाद के बीच बुधवार को इस्तीफा दे दिया।
डेरॉक ने कहा कि वह अटकलों पर विराम लगाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा स्थिति मेरे लिए अपनी वैसी भूमिका निभाना असंभव बना रही है जैसी मैं चाहता हूं।’’
ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने डेरॉक के इस्तीफे की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि ब्रिटिश राजदूत के उन कूटनीतिक ई-मेल के लीक होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है जिनमें ट्रंप प्रशासन को ‘‘अकुशल और अनाड़ी’’ बताया गया है।
किम डेरॉक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का ‘बेकार, अनाड़ी और अयोग्य’ के तौर पर उल्लेख किया है। यह दावा किम द्वारा भेजे गए गोपनीय संदेशों के आधार पर रविवार को ब्रिटिश अखबार द मेल ने किया है। ये लेख 2017 से अब तक के दौरान लिखे गए हैं।
संदेशों में किम ने ट्रंप को ‘असुरक्षा फैलाने वाला’ बताया और लंदन में अपने अधिकारियों को सलाह में कहा ‘अपनी बात को सीधे और सरल ढंग से रखें।’ उन्होंने लिखा कि ‘हमें नहीं लगता कि इस (ट्रंप के) प्रशासन में कोई सुधार होने वाला है। न ही इसकी अनिश्चितता, कूटनीतिक अनाड़ीपन, खेमेबंदी तोड़ने और अयोग्यता में कोई सुधार होगा।’