ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
ब्रिटेन में इस महीने के अंत तक एक बार फिर से लॉकडाउन लगाने की स्थिति बन सकती है। ब्रिटिश सरकार में पूर्व प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार सर डेविड किंग ने रविवार को इस बारे में सरकार को चेताया है कि प्रधानमंत्री को इस स्थिति से बचने के लिए अभी से उपाय करने चाहिए।
सर डेविड किंग ने कहा, 'हमें सितंबर तक उचित टेस्ट और ट्रेसिंग व्यवस्था की जरूरत है। अन्यथा स्कूलों को पूरी तरह खोलने का फैसला हमें फिर पुरानी स्थिति में ढकेल देगा।' उन्होंने कहा कि हम स्कूलों को दोबारा सुरक्षित तरीके से खोलने की स्थिति के आस-पास भी नहीं हैं।
उन्होंने ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से आग्रह किया कि अगस्त के अंत तक इसे ठीक किया जाए। डेविड ने कहा कि ऐसा न होने पर ब्रिटेन को कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर झेलनी पड़ेगी। उन्होंने ब्रिटेन की सरकार की टेस्ट और ट्रेस प्रणाली को 'विनाशकारी' करार दिया।
80 वर्षीय डेविड प्रधानमंत्री की वैज्ञानिक टीम को आपात स्थिति में सहायता देने वाले स्वतंत्र वैज्ञानिक सलाहकार समूह के प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों को दोबारा खोलना प्रमुखता होना चाहिए लेकिन हम ऐसी स्थिति के आस-पास भी नहीं हैं कि इसे सुरक्षित तरीके से किया जा सके।
बता दें कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण के अभी तक तीन लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इस महामारी के चलते यहां 46 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। यहां अभी कर कोरोना वायरस की एक करोड़ 83 लाख 49 हजार 668 जांच की जा चुकी हैं।