यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर पाकिस्तान की नीति पर ब्रिटेन की सरकार ने खासी नाराजगी जताई है। इसे लेकर ब्रिटेन ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) मोईद यूसुफ का लंदन दौरा रद्द कर दिया है। एनएसए मोईद यूसुफ अगले सप्ताह लंदन का दौरा करने वाले थे जिसे ब्रिटेन की ओर से बिना किसी कारण का उल्लेख किए रद्द कर दिया गया है। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि ऐसा पाकिस्तान के यूक्रेन संकट पर रुख के चलते हुआ है।
कुछ दिन पहले विभिन्न विदेशी मिशनों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के विशेष सत्र में इस्लामाबाद से यूक्रेन के खिलाफ रूस की आक्रामकता की निंदा करने की अपील की थी। यह सत्र मास्को के खिलाफ प्रस्ताव पर मतदान के लिए आयोजित किया गया था। जर्मनी, फ्रांस, इटली, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के मिशन अध्यक्षों ने एक संयुक्त बयान में कहा था कि रूस ने अपने शांतिप्रिय पड़ोसी देश यूक्रेन पर अकारण हमला किया है।
माना जा रहा है कि एनएसए का दौरा रद्द करने का फैसला इस संयुक्त बयान पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया से जुड़ा हुआ है। पाकिस्तान ने शुक्रवार को इस बयान को गैर कूटनीतिक और अस्वीकार्य करार दिया था। इस मामले पर पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता आसिम इफ्तिखार ने कहा था कि हम इस बयान पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं क्योंकि कूटनीति करने का यह सही तरीका नहीं है और मुझे लगता है कि वह इस बात को स्वीकार कर चुके हैं।
193 सदस्यीय यूएनजीए ने यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर सोमवार को एक आपातकालीन विशेष सत्र का आयोजन किया था। यूक्रेन संकट पाकिस्तान किसी का पक्ष नहीं लेने की कोशिश कर रहा है और उसने इस मुद्दे पर बहस से दूरू बनाए रखी थी। हाल ही में यूक्रेन संकट के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मास्को की यात्रा की थी। उनकी इस यात्रा ने भी संकेत दिए हैं कि परोक्ष रूप से ही सही लेकिन पाकिस्तान रूस का समर्थन कर रहा है।