सात दशक पहले राष्ट्रव्यापी माप शुरू होने के बाद से ब्राजील इन दिनों सबसे खराब सूखे के दौर में है। देश का 59% हिस्सा सूखाग्रस्त है। अमेजन के जंगलों की बेसिन नदियों का जल भी ऐतिहासिक गिरावट में है। मानव निर्मित जंगल की बेकाबू आग ने संरक्षित क्षेत्रों को तबाह कर क्षेत्र में धुआं फैला दिया है, जिससे हवा की गुणवत्ता गिर गई है।
नेशनल सेंटर फॉर मॉनिटरिंग एंड अर्ली वार्निंग ऑफ नेचुरल डिजास्टर्स की शोधकर्ता एना पाउला कुन्हा ने कहा, पहली बार उत्तर से दक्षिणपूर्व तक सूखा है। धुएं के कारण 2.1 करोड़ लोगों का महानगरीय क्षेत्र साओ पाउलो प्रदूषित हवा में सांस लेने के लिए मजबूर है। उत्तर में 1,100 किमी दूर, चापाडा डॉस वेडेइरोस नेशनल पार्क में आग बदतर है।
दक्षिणी कैलिफोर्निया में भीषण आग, 96 वर्ग किमी क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित
अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में कई दिनों से जंगल में आग लगी हुई है, जिससे आग इतनी अधिक बढ़ गई है कि इसने तूफान जैसी मौसम प्रणाली पैदा कर दी है। अग्निशमन कर्मियों को उम्मीद है कि इस सप्ताह क्षेत्र में ठंडा मौसम होने से आग की तपिश में कमी आ सकती है। यहां आग ने करीब 37 वर्ग मील (96 वर्ग किमी) क्षेत्र में घास और झाड़ियां जला दी हैं।
लॉस एंजिल्स से लगभग 65 मील (105 किलोमीटर) पूर्व में सैन बर्नार्डिनो राष्ट्रीय वन के किनारे जलने से 6,000 लोगों को जगह खाली करने के लिए मजबूर कर दिया और हजारों घरों को खतरे में डाल दिया है। अग्निशामक 37.7 डिग्री सेल्सियस से ऊपर के तापमान में काम कर रहे हैं। कैल फायर के प्रवक्ता रिक कारहार्ट ने कहा, हम कठिन पहुंच वाले क्षेत्रों में हैं, जहां दशकों से या रिकॉर्ड किए गए इतिहास में आग नहीं लगी है। यह आग इडाहो, ओरेगॉन और नेवादा सहित पश्चिम भर में लगी कई जंगली आग में से एक है।
वियतनाम में तूफान से अब तक 87 की मौत
वियतनाम में ‘यागी’ तूफान और उसके बाद भारी बारिश के चलते आई बाढ़ व भूस्खलन में मृतक संख्या मंगलवार को बढ़कर 87 हो गई, जबकि 70 लोग लापता हैं और सैकड़ों घायल हैं। यागी तूफान दशकों में वियतनाम में आने वाला सबसे शक्तिशाली तूफान था। यह शनिवार को 149 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से इसके तट से टकराया था। अभी भी हालात काबू में नहीं आए हैं।