सिडनी के बॉन्डी बीच पर 15 लोगों की हत्या के आरोपी व्यक्ति ने सिडनी के बाहर न्यू साउथ वेल्स राज्य के एक इलाके में अपने पिता के साथ बंदूक चलाने का प्रशिक्षण लिया था। सोमवार को जारी ऑस्ट्रेलियाई पुलिस एक बयान के अनुसार उन लोगों ने सुनियोजित हमले के औचित्य के बारे में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। यह बयान सोमवार को सिडनी के एक अस्पताल से नवीद अकरम की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेशी के बाद सार्वजनिक किया गया, जहां उसकी पेट की चोट का इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने 14 दिसंबर की गोलीबारी की घटना स्थल पर अकरम को घायल कर दिया और उसके पिता, 50 वर्षीय साजिद अकरम को मार डाला।
अकरम पर 59 अपराधों का आरोप लगा है
सरकार ने सोमवार को संसद में हथिहार प्रशिक्षण से संबंधित मसौदा कानून पेश किया
आठ दिवसीय हनुक्का उत्सव की शुरुआत में हुआ यह यहूदी विरोधी हमला 1996 में तस्मानिया राज्य में एक अकेले बंदूकधारी द्वारा 35 लोगों की हत्या के बाद से ऑस्ट्रेलिया में हुई सबसे भीषण सामूहिक गोलीबारी की घटना थी। न्यू साउथ वेल्स सरकार ने सोमवार को संसद में मसौदा कानून पेश किए, जिनके बारे में प्रीमियर क्रिस मिन्स ने कहा कि वे ऑस्ट्रेलिया में सबसे सख्त कानून बन जाएंगे। नए प्रतिबंधों में बंदूक प्रशिक्षण लाइसेंस के लिए पात्रता की शर्त के रूप में ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता को अनिवार्य बनाना शामिल होगा। इससे साजिद अकरम, जो स्थायी निवास वीजा धारक भारतीय नागरिक थे, लाइसेंस के दायरे से बाहर हो जाते। साजिद अकरम के पास कानूनी तौर पर छह राइफल और शॉटगन भी थीं। शौकिया निशानेबाजों के लिए नई कानूनी सीमा अधिकतम चार बंदूकें होगी।
यह भी पढ़ें - Russia: मस्क के स्टारलिंक सैटेलाइट को निशाना बनाने के लिए हथियार बना रहा रूस, नाटो खुफिया एजेंसियों का दावा
पुलिस ने कहा कि नवीद अकरम के फोन से मिले एक वीडियो में वह अपने पिता के साथ अपने राजनीतिक और धार्मिक विचारों को दोहराते हुए और बॉन्डी आतंकवादी हमले के लिए अपने औचित्य का सारांश प्रस्तुत करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिख रहे लोग जायोनिस्टों के कृत्यों की निंदा करते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि वह इस्लामिक स्टेट से जुड़ी एक धार्मिक विचारधारा का पालन भी करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अक्टूबर में शूट किए गए वीडियो में उन्हें पेड़ों से घिरे घास के मैदान पर शॉटगन से फायरिंग करते और रणनीतिक तरीके से आगे बढ़ते हुए दिखाया गया है। पुलिस का आरोप है कि इस बात के सबूत हैं कि आरोपी और उसके पिता ने कई महीनों तक इस आतंकवादी हमले की सुनियोजित योजना बनाई थी।