थाईलैंड की राजधानी में कई स्थानों पर शुक्रवार को छोटे बम विस्फोट हुए, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। यह धमाके ऐसे वक्त हुए हैं जब बैंकॉक में आसियान शिखर सम्मेलन जारी है, जिसमें भारत और अमेरिका के विदेश मंत्रियों एस जयशंकर व माइक पोम्पियो ने भाग लिया। हालांकि, इन घटनाओं से राजनयिक कार्यक्रम प्रभावित नहीं हुए।
थाईलैंड सरकार की प्रवक्ता नारुमन पिन्योसिनवात ने कहा, प्रधानमंत्री प्रयुत चान-ओ-चा ने बमबारी की घटनाओं की तत्काल जांच का आदेश दिया है। शहरभर में कई स्थानों पर बम विस्फोट हुए हैं, जो ‘पिंग पोंग बम’ हो सकते हैं। यह बम टेबल टेनिस बॉल के आकार के होते हैं। इन हमलों का मकसद बड़े पैमाने पर लोगों को नुकसान पहुंचाने का नहीं, बल्कि सम्मेलन के दौरान सरकार को शर्मिंदा करना हो सकता है। बम विस्फोट में तीन लोग मामूली रूप से घायल हो हुए हैं।