कोलंबिया के बोगोटा की एक पुलिस कैडेट प्रशिक्षण अकादमी में आतंकियों ने विस्फोटक भरा कार भेजकर हमला किया। इस कार बम हमले में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 68 लोग घायल हो गए।
गुरुवार को हुआ यह हमला कोलंबिया की राजधानी में पिछले 16 साल में हुआ सबसे भीषण हमला है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि विस्फोटकों से भरे एक वाहन का इस्तेमाल करके आतंकवादी हमला किया गया। वाहन में 80 किलोग्राम विस्फोटक था।
कोलंबियाई पुलिस ने कहा कि मरनेवालों की संख्या 21 है, जिसमें कुछ हमलावर भी शामिल हैं। वहीं इस घटना में 68 लोगों के घायल होने की बात कही। घायल हुए 58 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
मालूम हो कि रक्षा मंत्रालय ने पहले 11 लोगों के मारे जाने और 65 के जख्मी होने की बात कही थी। अभी तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन सरकारी अभियोजक नेस्टर हमबर्तो मार्टिनेज ने संदिग्ध के तौर पर जोस अल्दामेर रोजस रॉड्रिग्ज का नाम लिया है। मार्टिनेस ने कहा कि रोजस रॉड्रिग्ज सुबह साढ़े नौ बजे स्कूल परिसर में वाहन लेकर घुसा था।
राष्ट्रपति ने किया ट्वीट- आतंक के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं
कोलंबिया के राष्ट्रपति इवान डुक ने ट्वीट किया कि सभी कोलंबियाई आतंकवाद की निंदा करते हैं और इसके खिलाफ लड़ाई में हम एकजुट हैं। बाद में राष्ट्र के नाम जारी एक संदेश में डुक ने कहा कि उन्होंने कोलंबिया की सीमाओं और शहरों तक जाने वाले हर रास्ते तक जरूरी साजो सामान पहुंचाने के आदेश दिए हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि जांच को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया गया है, ताकि इस हमले के मास्टरमाइंड और उसके साथियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि कोलंबिया दुखी है, लेकिन हिंसा के आगे सिर नहीं झुकाएगा।
अमेरिका ने जांच में मदद करने की पेशकश की
इक्वाडोर के राष्ट्रपति लेनिन मोरेनो ने बताया कि मृतकों में उनके देश का भी एक कैडेट है और एक अन्य कैडेट मामूली रूप से घायल है। अधिकारियों ने हमलावर के मारे जाने की पुष्टि की है। उसने जनरल फ्रांसिस्को डी पाउला सेंटेंडर ऑफिसर स्कूल में कैडेट के प्रोन्नति समारोह के दौरान हमला किया।
लातिन अमेरिकी मामलों के लिए अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री किमबर्ली ब्रीएर ने हमले की निंदा की और पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट की। बोगोटा में अमेरिका के दूतावास ने हमले की जांच में मदद करने की पेशकश की है।