द्वितीय विश्व युद्ध में न्यू गिनी के प्रशांत द्वीप में 11 मार्च 1944 को दुश्मन की गोलीबारी ने अमेरिकी सेना के बी-24 बमवर्षक विमान हेवन कैन वेट को निशाना बनाया। हादसाग्रस्त होने से पहले इस विमान के सह-पायलट ने पास से उड़ रहे विमान को आखिरी सलामी दी। इसमें सवार सभी 11 सैनिक मारे गए और उनके अवशेषों को दोबारा हासिल न करने लायक होने का एलान कर दिया गया। आखिरकार अब 81 साल बाद इस विमान में सवार चार चालक दल के सदस्यों के अवशेष उनके गृहनगर लौटने का दिन भी आ गया।
परिवारों का दशकों का इंतजार रंग लाया
इन युवा सैनिकों के पीछे रोते-बिलखते परिवार थे। बमवर्षक सेकेंड लेफ्टिनेंट थॉमस केली (21) को सोमवार 26 मई को लिवरमोर, कैलिफोर्निया में दफनाया गया। यहां वे एक पशुपालक परिवार में पले-बढ़े थे। स्टाफ सार्जेंट यूजीन डारिगन, रेडियो ऑपरेटर को शनिवार 24 मई को आठ दशक से भी अधिक वक्त बाद उनके गृहनगर वापिंगर्स फॉल्स, न्यूयॉर्क में सैन्य सम्मान और सामुदायिक समर्थन के साथ दफनाया गया। 26 साल के डारिगन अपनी पत्नी फ्लोरेंस और छोटे बेटे को पीछे छोड़ गए थे। पत्नी फ्लोरेंस ने दोबारा विवाह किया लेकिन हमेशा उनके तस्वीर और मृत्यु-सूचना वाला टेलीग्राम संभाले रखा। इसी तरह पायलट फर्स्ट लेफ्टिनेंट हर्बर्ट टेनीसन (24) की पत्नी जीन उस वक्त गर्भवती थीं। उन्होंने दोबारा कभी विवाह नहीं किया और 96 वर्ष तक जिंदा रहीं। नाविक सेकेंड लेफ्टिनेंट डोनाल्ड शेपिक (26) पत्नी भी उस वक्त गर्भवती थीं। टेनिसन को 27 जून को विचिटा, कंसास में उनकी पत्नी जीन के बगल में और शेपिक के अवशेषों को पेंसिल्वेनिया के कोल सेंटर में माता-पिता के पास आने वाले महीनों में दफनाया जाएगा।
परिवार ने 2013 में की खोज की शुरुआत
थॉमस केली के रिश्तेदार स्कॉट अल्थाउस और यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनॉय अर्बाना-कैम्पेन के प्रोफेसर ने 2013 में इस दुर्घटना की जांच शुरू की। परिवार के साथ मिलकर उन्होंने एक रिपोर्ट तैयार की। इसे प्रोजेक्ट रिकवर नामक संस्था को भेजा गया। 2017 में संस्था ने समुद्र के 10 वर्ग मील क्षेत्र की खोज के बाद मलबे का वह जगह ढूंढ निकाली जहां बी-24 बमवर्षक विमान हेवन कैन वेट गिरा था।
समुद्र गहराई से 2023 में दोबारा से जांबाजों की वापसी
अमेरिका की रक्षा युद्धबंदी/सैन्य अपराधी लेखा एजेंसी (डीपीएए) और नौसेना के विशेषज्ञ गोताखोरों ने 2023 में अब तक का सबसे गहरा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान डैरिगन की उनकी पत्नी फ्लोरेंस का नाम वाला जंग लगा डॉग टैग (सैनिकों के पहचान टैग) केली की बॉम्बार्डियर (बम गिरानेवाला) लिखी अंगूठी और डीएनए जांच योग्य अवशेष हालि किए गए। सितंबर 2023 में अमेरिकी सेना ने डैरिगन, केली, शेपिक और टेनीसन की पहचान की पुष्टि की।
अभी भी कोशिशें हैं जारी
विमान में सवार शेष सात सैनिक अभी भी लापता हैं। डीपीएए भविष्य में एक और मिशन चला सकती है। स्कॉट अल्थाउस ने कहा, मैं बेहद आभारी हूं। यह सफर असंभव था, ऐसा नहीं होना चाहिए था, लेकिन हम 81 साल बाद इस दिन तक पहुंच गए। एजेंसी