पाकिस्तान की ताकतवर सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई की आलोचना करने के लिए जाने जाने वाले 22 वर्षीय पाकिस्तानी ब्लॉगर की इस्लामाबाद में अज्ञात लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मुहम्मद बिलाल खान को सोशल मीडिया ट्विटर पर 16,000, उनके यूट्यूब चैनल पर 48,000 और फेसबुक पर 22,000 से ज्यादा लोग फॉलो करते थे। डॉन न्यूज पुलिस के हवाले से बताया है कि वह एक दोस्त के साथ थे, जब उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसके बाद एक आदमी उन्हें रविवार रात पास के जंगल में ले गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सदर मलिक नईम ने बताया, संदिग्ध ने उन्हें मारने के लिए एक खंजर का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने बंदूक की गोली चलने की आवाज भी सुनी। इस घटना में खान का दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
सोशल मीडिया एक्टिविस्ट होने के अलावा, खान एक स्वतंत्र पत्रकार भी थे। उनकी हत्या के तुरंत बाद, #Justice4MuhammadBilalKhan सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।
ट्विटर का इस्तेमाल करने वाले कई लोगों ने कहा कि उनकी पाकिस्तान सेना और इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) की आलोचना उनकी हत्या का कारण बनी।
एक आदमी ने एक ट्वीट में लिखा, “पाकिस्तानी कार्यकर्ता और पत्रकार मोहम्मद बिलाल खान की कल रात इस्लामाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। खान को शक्तिशाली सैना और इसकी कुख्यात जासूसी एजेंसी की आलोचना के लिए जाना जाता था।“
मृतक के पिता अब्दुल्ला ने कहा कि उनके शरीर में धारदार उपकरण के निशान थे। उन्होंने कहा, "मेरे बेटे का एकमात्र गलती यह थी कि उसने पैगंबर के बारे में बात की थी।"
आतंकवाद विरोधी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। खान के पिता ने कहा, घटना से लोगों में डर पैदा हो गया है।