अमेरिका में दक्षिण एशियाई समूहों ने डीएसीए कार्यक्रम खत्म करने पर अस्थायी तौर पर रोक लगाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जताई है। साउथ एशियन अमेरिकन लीडिंग टूगेदर ने कहा, यह हमारे लिए बड़ी जीत है। हालांकि यह अस्थायी है क्योंकि यह ट्रंप प्रशासन को कानूनी आधार पर कार्यक्रम खत्म करने का अवसर अब भी देता है।
संगठन के कार्यकारी निदेशक लक्ष्मी श्रीधरन ने कहा, आज की जीत ऐसे समय में स्वागत योग्य है जब काले लोगों के समुदाय के खिलाफ युद्ध कभी समाप्त नहीं होने वाला प्रतीत होता है। नॉर्थ अमेरिकन पंजाबी एसोसिएशन के निदेशक सतनाम सिंह चहल ने कहा, पूरा समुदाय फैसले का स्वागत करता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करने को लेकर घिर गए हैं। ट्विटर ने ट्रंप के ट्वीट को लेबल करते हुए चेताया कि इस वीडियो से छेड़छाड़ की गई है। दरअसल, बृहस्पतिवार को ट्रंप के वीडियो साझा करते हुए ट्विटर ने इसे मैनीपुलेटेड मीडिया करार दिया और कहा कि कई पत्रकारों ने पुष्टि की है कि इस क्लिप को सीएनएन का बताने के लिए एडिट किया गया है।
इस वीडियो में दिख रहा है कि दो बच्चे दौड़ रहे हैं और एक टीवी चैनल का बैन लगाकर लिखा गया है कि एक भयभीत बच्चा नस्लवादी बच्चे से दूर भाग रहा है। दरअसल, असली वीडियो एक साल पहले का है, जिसमें एक अश्वेत और श्वेत बच्चा दौड़ रहे हैं और एक दूसरे को गले लगा रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिस पर सीएनएन ने एक स्टोरी भी की थी।