फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News : मालदीव के रक्षा मंत्री से रक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा, पढ़ें देश-दुनिया की खास खबरें

Tue, 04 Oct 2022 01:31 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, माले।
विज्ञापन
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने सोमवार को मालदीव की रक्षा मंत्री मारिया दीदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों मित्र देशों के बीच रक्षा सहयोग को और बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। क्वात्रा ने अपने तीन दिनी दौरे के अंदिम दिन यह मुलाकात की।

विज्ञापन


मालदीव के रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया, उनकी चर्चा भारत और मालदीव के बीच रक्षा सहयोग को और बढ़ावा देने पर केंद्रित थी। बैठक में मारिया ने मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल व रक्षा क्षेत्र में द्वीपीय देश की क्षमताएं बढ़ाने में मदद करने के लिए भारत का आभार जताया। एक विशेष समारोह के दौरान क्वात्रा ने मालदीव को भारत की आर्थिक मदद से हासिल किए गए वाहन सौंपे।

मंत्रालय ने एक अन्य ट्वीट में कहा, मंत्री ने भारत की सरकार और लोगों का ‘हर समय’ बिना शर्त अपने पड़ोसी मालदीव को उदार समर्थन देने के लिए आभार जताया। रविवार को क्वात्रा ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद सालिह से मिल द्विपक्षीय रिश्तों पर चर्चा की। विदेश सचिव ने भारत-मालदीव साझेदारी के विस्तार के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता भी जताई।
विज्ञापन


वेस्ट बैंक में इस्राइली सेना ने दो फलस्तीनी मार गिराए
कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इस्राइल के सैन्य कर्मियों ने सोमवार को दो फलस्तीनियों को मार गिराया। इसके बाद क्षेत्र में हिंसा भड़क गई और सड़कों पर टायर जलाए गए। इस्राइली सेना ने आरोप लगाया कि उन दोनों ने अपने वाहन से सैनिकों को टक्कर मारने की कोशिश की थी। 

फलस्तीनी नागरिक और मानवाधिकार समूह अकसर इस्राइली सेना पर फलस्तीनियों के खिलाफ बल के अत्यधिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हैं। सेना ने कहा कि सैनिक जलाजोन शरणार्थी शिविर के पास एक संदिग्ध को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी दो फलस्तीनियों ने अपनी कार सैनिकों पर चढ़ाने की कोशिश की।

इसके बाद सैनिकों ने कार पर गोलियां चलाईं। जबकि फलस्तीन के नागरिक मामलों के प्राधिकरण के अनुसार, सेना ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस्राइली कार्रवाइयों में इस साल करीब 100 लोगों की मौत हो चुकी है, जो 2016 के बाद से सबसे अधिक है।

जयशंकर के बयान को पाकिस्तान ने करार दिया ‘गैरजिम्मेदाराना’
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के उसे अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का विशेषज्ञ बताने संबंधी बयान को खारिज करते हुए ‘बेहद गैरजिम्मेदाराना और निराधार’ करार दिया। गुजरात के वडोदरा में ‘उदीयमान भारत और दुनिया : मोदी युग में विदेश नीति’ विषयक कार्यक्रम में शनिवार को विदेश मंत्री ने कहा था कि भारत को सूचना तकनीकी विशेषज्ञ माना जाता है, जबकि पड़ोसी देश अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के लिए जाना जाता है। लोगों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा, कोई अन्य देश आतंकवाद को इस तरह नहीं पालता, जैसे पाकिस्तान।

26/11 के मुंबई हमले के बाद जरूरी है, हम साफ कर दें कि ऐसा व्यवहार और कार्रवाई अस्वीकार्य है और इसके गंभीर परिणाम होंगे। पाकिस्तान ने कहा, भारत हमारी ओर इशारा कर आतंकवाद में शामिल होने के आरोप लगाता है। भारतीय नेताओं के बयान प्रमाण हैं कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय को आतंकवाद के मामले पर गुमराह करने का प्रयास करते हैं। साथ ही दावा किया कि भारत अपनी भूमि और क्षेत्र के अन्य देशों का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।

तालिबान ने अफगानिस्तान में पाकिस्तानी मुद्रा के इस्तेमाल पर लगाया प्रतिबंध
तालिबान ने अफगानिस्तान में पाकिस्तानी रुपए के उपयोग, विनिमय, ट्रेडिंग और मुद्रा के हस्तांतरण पर प्रतिबंध लगा दिया है। अफगान समाचार एजेंसी खामा प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार प्रतिबंध शनिवार, एक अक्तूबर से लागू हो गया है। तालिबान खुफिया एजेंसी ने घोषणा की कि अफगानिस्तान में वित्तीय लेनदेन में पाकिस्तानी रुपए का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। तालिबान की धन-शोधन रोकथाम शाखा ने मनी एक्सचेंज एसोसिएशन को इस आदेश से अवगत करा दिया है। 

खामा की रिपोर्ट के अनुसार, मनी एक्सचेंज डीलरों को 500,000 रुपये से अधिक के लेनदेन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यदि निर्दिष्ट राशि से अधिक का पता चलता है, तो डीलरों पर कानूनी कार्यवाई की जाएगी। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अफगानिस्तान में कुछ स्थानीय व्यापारी दैनिक खर्च और खाद्य सामग्री की खरीद के लिए पाकिस्तानी रुपए का उपयोग कर रहे थे। तालिबान ने पिछले साल अगस्त में अफगानिस्तान की सत्ता पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में खटास आ गई है।

गुआडालाजारा के मॉल में गोलीबारी से लोग स्तब्ध
जेलिस्को राज्य में स्थित गुआडालाजारा शहर के एक मॉल में रविवार शाम सुरक्षा बलों और एक बंदूकधारी के बीच गोलीबारी से आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। इस वारदात में चार लोग घायल हुए हैं। स्थानीय अभियोजक जोआक्विन मेंडेज ने बताया कि सभी घायल मॉल के ग्राहक या वहां की दुकानों के कर्मचारी हैं।

मॉल के करीब खड़ी कार में एक व्यक्ति मृत पाया गया। वह अंगरक्षक लग रहा था। सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो और वीडियो में दिखा कि गोलीबारी शुरू होते ही दुकानदार बचने के लिए छिप गए। कुछ लोग जहां थे, वहीं फर्श पर लेट गए। गवर्नर एनरिक अलफारो ने घटना की पुष्टि की, लेकिन घायलों की सटीक संख्या नहीं बता पाए।

सोमालिया : अल-शबाब का शीर्ष आतंकी मारा गया
सोमालिया के अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि सोमाली राष्ट्रीय सेना और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बलों ने एक साझा अभियान में चरमपंथी संगठन अल-शबाब के शीर्ष आतंकी अब्दुल्लाही नादिर को मार गिराया है। अमेरिका ने नादिर पर 30 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था। सोमालिया सरकार ने नादिर को अल-शबाब का एक महत्वपूर्ण सदस्य करार दिया है। उसे मध्य जुब्बा क्षेत्र के हरमका गांव में मार गिराया गया। नादिर को अल-शबाब के पूर्व प्रमुख अहमद अब्दी गोदाने और मौजूदा नेता अहमद दिरिया का करीबी समझा जाता था।

अभिनेत्री एवं कार्यकर्ता सचीन लिटिलफेदर का निधन
अमेरिका की प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं कार्यकर्ता सचीन लिटलफेदर का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें ‘ब्रेस्ट कैंसर’ था। ‘द एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स आर्ट्स एंड साइंसेज’ ने भी उनके निधन पर रविवार को शोक जताया। बता दें, 1973 में हुए एक विवाद के करीब 50 साल बाद अकादमी ने लिटिलफेदर से माफी मांगी थी और करीब दो सप्ताह पहले ही उनके सम्मान में एक समारोह भी आयोजित किया था। उनके पति अभिनेता मार्लन ब्रैंडो ने अमेरिकी मूल निवासियों की समस्या पर 1973 में ऑस्कर पुरस्कार लेने से इनकार कर दिया था।

गुजरात: धार्मिक झंडा लगाने को लेकर दो गुटों में झड़प, 36 लोग गिरफ्तार
गुजरात में वडोदरा जिले के सावली शहर में धार्मिक झंडा लगाने को लेकर झड़प हो गई। इस मामले में 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि यह घटना शनिवार रात उस समय हुई जब लोगों के एक समूह ने धामीजी का डेरा इलाके में बिजली के खंभे पर अपने झंडे के साथ एक धार्मिक झंडा लगाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान दूसरे समुदाय के लोगों आपत्ति जताई।

पुलिस उप-निरीक्षक ए आर महिदा ने कहा, दोनों समुदायों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। हालांकि, कोई भी घायल नहीं हुआ, लेकिन दंगाइयों ने एक वाहन और एक दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। महिदा ने कहा कि दोनों समूहों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। फिलहाल 43 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी है।

काबुल धमाके में 46 लड़कियों समेत 53 लोगों की हुई थी मौत
अफगानिस्तान की राजधानी में शुक्रवार को शिक्षा केंद्र में हुए बम धमाके में कुल 53 लोगों की मौत हुई थी। इनमें 46 अल्पसंख्यक हाजरा समुदाय की लड़कियां और युवा महिलाएं थीं। संयुक्त राष्ट्र मिशन ने एक ट्वीट में बताया कि हमारी मानवाधिकार टीम ने घटना के तथ्य पता लगाए हैं। इस धमाके में 110 लोग घायल भी हुए थे।

सोमवार को पश्चिमी काबुल में शाहिद मजारी रोड स्थित पुल-सुख्ता इलाके में एक धमाका हुआ, लेकिन इसमें हुए नुकसान का पता नहीं चला है। यह इलाका हाजरा समुदाय की आबादी वाला है। अल्पसंख्यक हाजरा समुदाय की महिलाओं ने हमले के विरोध में शनिवार को काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया था। महिलाओं ने अल्पसंख्यकों का नरसंहार रोकने और अधिकार देने की मांग लेकर नारेबाजी की।

तेलंगाना: आतंकी मॉड्यूल मामले में तीन गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
आतंकी मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। आरोपियों की पहचान अब्दुल जाहिद, मोहम्मद समीउद्दीन और माज हसन फारूक के रूप में हुई है। आतंकी साजिश मामले में आरोपियों को 12वीं एमएम कोर्ट में पेश किया गया। इन सभी पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान उनके पास से चार हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए, जो जाहिद को अपने पाकिस्तान स्थित आकाओं से मिले थे। इसके अलावा पुलिस ने उनके पास से पांच मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये से अधिक की नकदी भी बरामद की थी। पुलिस ने कहा कि वह अपने समूह के सदस्यों के माध्यम से सार्वजनिक समारोहों को निशाना बनाने के लिए इन हैंड ग्रेनेड को फेंकने की योजना बना रहा था, जिससे शहर में आतंक और सांप्रदायिक तनाव पैदा होता।

पुलिस के अनुसार, खुफिया इकाइयों को विशेष सूचना मिली थी कि अब्दुल जाहिद अपने सहयोगियों के साथ चार हैंड ग्रेनेड की खेप प्राप्त कर चुका है और हैदराबाद में सनसनीखेज आतंकी हमले करने जा रहा है। इनके अलावा तीन आरोपी फरहतुल्ला गोरी उर्फ एफजी, सिद्दीकी बिन उस्मान उर्फ रफीक उर्फ अबू हमजाला और अब्दुल मजीद उर्फ छोटू फरार हैं।

नैफेड ने बाजारों में भेजा 20,000 टन प्याज, कीमत घटने की उम्मीद
अचानक प्याज की कीमतों में आई उछाल को कम करने के लिए नैफेड ने 20,000 टन प्याज बाजारों में जारी किया है। पिछले तीन हफ्तों में इसे देश के कई शहरों में भेजा गया है। अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली, पटना, लखनऊ, चंडीगढ़, चेन्नई और हैदराबाद जैसे बाजारों में प्याज को भेजा गया है।

2022-23 के लिए नैफेड ने 2.50 लाख टन प्याज का भंडार रखा है। इसे तब जारी किया जाएगा, जब कीमतें ऊपर जाने लगेंगी। ऐसी आशंका है कि त्योहारी मौसम में कीमतें ऊपर जा सकती हैं जिसकी वजह से अभी से प्याज को बाजारों में भेजा जा रहा है। प्याज की कीमतें 23 रुपये से लेकर 40 रुपये किलो तक हैं।

कोटक महिंद्रा बैंक ने एफडी पर बढ़ाया ब्याज
कोटक महिंद्रा बैंक ने एफडी पर ब्याज बढ़ा दिया है। अब 2.5 से 6.2% का ब्याज अलग-अलग समय के लिए मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों को 6.7% ब्याज मिलेगा। 365 दिन से 389 दिन के जमा पर 5.75% के बजाय 6% ब्याज मिलेगा। 390 दिन से ज्यादा के जमा पर 6.10% और अधिकतम 6.2% का ब्याज मिलेगा।

सड़क प्रोजेक्ट के लिए सरकार जुटाएगी रकम
सरकार ने कहा है कि 3 सड़क परियोजनाओं के लिए वह इस महीने 2,500 करोड़ रुपये जुटाएगी। इसके लिए इनविट जारी किया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि यह रकम नेशनल हाईवे की ओर से जुटाई जाएगी। पिछले साल नेशनल हाईवे ने 5,000 करोड़ रुपये जुटाया था।

अदाणी एंटरप्राइजेज ने की फंड की व्यवस्था
अदाणी एंटरप्राइजेज ने बदायूं हरदोई रोड प्रा लि, हरदाई उन्नाव रोड और उन्नाव प्रयागराज रोड के लिए फंड की व्यवस्था कर ली है। पीपीपी के तहत बन रहे इन प्रोजेक्ट की अवधि 30 साल की होगी। इसके लिए कंपनी ने 10,238 करोड़ रुपये का कर्ज हासिल किया है।

बीईएल सीएमडी को  इनोवेटिव पुरस्कार
भारत इलेक्ट्रॉनिक लि (बीईएल) के चेयरमैन एवं एमडी दिनेश बत्रा को इनोवेटिव सीएफओ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्होंने अभिनेत्री उदिता गोस्वामी से प्राप्त किया। बत्रा के कार्यकाल में कंपनी का बाजार पूंजीकरण 24,000 करोड़ से बढ़कर 80,000 करोड़ रुपये हो गया। इसी दौरान कंपनी ने 15,044 करोड़ का राजस्व भी वित्त वर्ष 2022 में हासिल किया।

पीएफआई नेता अब्दुल पांच दिन एनआईए की हिरासत में
विशेष अदालत ने सोमवार को पीएफआई नेता अब्दुल सत्तार को पांच दिन की एनआईए की हिरासत में भेज दिया है। एनआईए ने सात दिन की हिरासत मांगी थी। एनआईए ने कोर्ट को बताया, सत्तार पीएफआई का केरल महासचिव है और उसे विदेशी फंडिंग की जांच में पूछताछ की जरूरत है। इससे पहले कोर्ट ने सत्तार को 20 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने लॉन्च की मतदाता जागरूकता रेडियो शृंखला
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय ने सोमवार को आकाशवाणी (ऑल इंडिया रेडियो) के साथ मिलकर मतदान को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रेडियो शृंखला की शुरुआत की। आकाशवाणी के विविध भारती और अन्य सेवाओं के माध्यम से प्रत्येक शुक्रवार को इसके 15-15 मिनट के 52 एपीसोड प्रसारित किए जाएंगे।

बोलने में दिक्कत, छात्रा को नहीं मिला एमबीबीएस में दाखिला
बोलने में दिक्कत की वजह से एमबीबीएस में दाखिला नहीं मिलने पर एक छात्रा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस डीवाई चंद्रचूढ़ और हिमा कोहली की पीठ ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग व केंद्र से तीन सप्ताह में जवाब मांगा है। छात्रा ने भारतीय चिकित्सा परिषद की तरफ से स्नातक चिकित्सा शिक्षा नियमावली, 1997 में किए गए संशोधनों को चुनौती दी है। क्योंकि, इससे याचिकाकर्ता को यह कहते हुए चिकित्सा शिक्षा से वंचित कर दिया गया कि उसकी वाचिक क्षमताओं में 40 फीसदी से अधिक दोष है।

महाराष्ट्र : रेल यात्री से बड़ी मात्रा में नकदी और सोना बरामद
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के टिटवाला रेलवे स्टेशन पर एक रेल यात्री के बैग से 56 लाख नकद और सोने के दो बिस्कुट बरामद किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी ने बताया कि बरामद नकदी और सोने की कीमत 1.71 करोड़ रुपये है। आरपीएफ ने एक अक्तूबर को रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध रूप से घूम रहे गणेश मंडल को हिरासत में लिया। वह पुष्पक एक्सप्रेस से लखनऊ से आया था। तलाशी में उसके पास से नकदी और सोने के बिस्कुट बरामद हुए, जिन्हें आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।
विज्ञापन

मोबाइल गेमिंग फर्जीवाड़ा  5.59 करोड़ के खाते किए फ्रीज
मोबाइल गेमिंग एप फर्जीवाड़े में प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को आमिर खान और उसके सहयोगियों के यहां तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 5.59 करोड़ के खाते फ्रीज किए। ईडी ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत की। ईडी के मुताबिक, पीएमएलए के तहत मामले में अभी तक कुल 36.96 करोड़ फ्रीज किए हैं। कोलकाता के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट  के समक्ष ईडी ने अपने बयान में कहा कि कोलकाता पुलिस ने 15 फरवरी, 2021 को आमिर खान व अन्य पर एफआईआर दर्ज की थी। आमिर ने ई-नगेट्स नाम से एक मोबाइल गेमिंग एप लॉन्च किया था। इसके जरिये लोगों से रकम वसूलने के बाद अचानक एप से निकासी रोक दी गई। एप सर्वर से सभी प्रोफाइल की जानकारी मिटा दी गई।

ब्राजील : लुला और बोलसोनारो में अंतिम मुकाबला 30 को
ब्राजील में राष्ट्रपति पद पर मौजूदा राष्ट्रपति जायर बोलसोनरो व वामपंथी पूर्व राष्ट्रपति लुइज इनसियो लुला के बीच कड़ा मुकाबला है, क्योंकि रविवार को हुए मतदान में किसी को भी पर्याप्त समर्थन नहीं मिला है। मतदाता दोनों नेताओं में भ्रमित रहे। अब दोनों में अंतिम मुकाबला 30 अक्तूबर को होगा। ब्राजील के 99.6 फीसदी वोटों में से लुला को 48.3 और बोलसोनारो को 43.3 का समर्थन का मिला। वैसे राष्ट्रपति पद के दो अन्य प्रत्याशी भी हैं, लेकिन उनका रंग फीका रहा। यह मुकाबला चौंकाने वाला है। डाटाफोल्हा सर्वे के मुताबिक, लुला को 50 और बोलसोनारो को 36 फीसदी वोट मिलने की संभावना थी। लेकिन दोनों को 50% वोट न मिल पाने से हालात विकट हो गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें