अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने मंगलवार को वेनेजुएला सरकार से राष्ट्रपति चुनाव का मतदान डेटा जारी करने का आह्वान किया है। चुनाव अधिकारियों ने कहा है कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो जीत गए हैं लेकिन विपक्ष का कहना है कि उनके उम्मीदवार एडमंडो गोंजालेज ने रविवार को हुए चुनाव में दोगुने से ज्यादा वोट हासिल किए हैं।
संयुक्त रूप से जारी किया बयान
वेनेजुएला के चुनाव पर चर्चा के बाद एक संयुक्त बयान में बाइडन और मादुरो के सहयोगी लूला ने कहा कि हमारा मानना है कि वेनेजुएला के चुनावी अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्र स्तर पर पूर्ण, पारदर्शी और विस्तृत मतदान डेटा को तत्काल जारी किया जाना चाहिए।
वेनेजुएला में चुनावी अधिकारियों द्वारा सोमवार को मादुरो को विजेता घोषित किए जाने के बाद से मादुरो की आलोचना हो रही है।
विरोध प्रदर्शन में अब तक 11 लोगों की मौत
वेनेजुएला में परिणाम के बाद विपक्षी उम्मीदवार एडमंडो गोंजालेज के समर्थन में हजारों समर्थकों राजधानी कराकस में संयुक्त राष्ट्र के कार्यालयों के बाहर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। इस बीच मादुरो के सहयोगी टेलीविजन पर विपक्षी नेताओं पर फासीवादी होने का आरोप लगाते दिखे।
एएफपी न्यूज एजेंसी ने एक एनजीओ के हवाले से रिपोर्ट दी है कि वेनेजुएला में मादुरो विरोधी प्रदर्शनों में मरने वाले नागरिकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
लगातार तीसरी बार वेनेजुएला के राष्ट्रपति बने मादुरो
वेनेजुएला में हुए राष्ट्रपति चुनाव में एक बार फिर निकोलस मादुरौ की सत्ता में वापसी हुई है और वह लगातार तीसरी बार वेनेजुएला के राष्ट्रपति चुने गए हैं। हालांकि विपक्ष ने चुनाव में धांधली के आरोप लगाते हुए नतीजों पर सवाल उठाए हैं। वेनेजुएला में राष्ट्रपति चुनाव के लिए रविवार को मतदान हुआ था। देश के विभिन्न मतदान केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई थी और करीब दो करोड़ पंजीकृत मतदाताओं ने राष्ट्रपति चुनाव में मतदान किया था।