प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय ऐतिहासिक इस्राइल के दौरे पर हैं। जहां उन्होंने इस्राइली संसद नेसेट में संबोधित किया। हालांकि इससे पहले खास पल तब सामने आया, जब पीएम मोदी के इस्राइली संसद में आगमन के साथ ही पूरा संसद मोदी-मोदी के नारे से गूंज उठा। वहां उपस्थित सभी सांसदों ने खड़े होकर पीएम मोदी का स्वागत किया। यह केवल एक औपचारिक स्वागत नहीं था, बल्कि उनके प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक बना।
इस दौरान इस्राइली संसद के स्पीकर अमीर ओहाना ने हिंदी में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और कहा कि इस्राइल में आपका स्वागत है। आज संसद के अध्यक्ष के रूप में मुझे यह सौभाग्य प्राप्त हुआ कि मैं भारत के प्रधानमंत्री के रूप में आपको संबोधित कर रहा हूं।
ये भी पढ़ें:- PM Modi in Israeli: भारत-इस्राइल संबंध से शांति और आतंकवाद तक, इस्राइली संसद में पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?
पीएम मोदी को लेकर नेतन्याहू का भावनात्मक भाषण
संसद के स्पीकर के बाद इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी और भारत की तारीफ में कई अहम बातें कही। उन्होंने पीएम मोदी को अपना सबसे खास दोस्त बताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी मेरे मेरे प्रिय मित्र, आज आपके यहां आने से मैं बहुत भावुक हूं। आप इस्राइल के सच्चे दोस्त हैं, भारत-इस्राइल गठबंधन के बड़े समर्थक और विश्व मंच के महान नेता हैं। यरूशलम में आपका स्वागत है।
उन्होंने पुराने दौरे को याद करते हुए कहा कि पिछली बार दोनों भूमध्य सागर के किनारे साथ थे। हम पानी पर तो नहीं चले, लेकिन हमने चमत्कार जरूर किए। हमने आपसी व्यापार दोगुना, सहयोग तिगुना और समझ चौगुनी कर दी।नेतन्याहू ने कहा कि मुझे आपको बताना है, नरेंद्र, मेरे प्यारे दोस्त, मैं आज यहां आपके आने से बहुत, बहुत खुश हूं। मैं लगभग यह कहने की हिम्मत करूंगा, एक दोस्त से ज्यादा आप मेरे भाई हैं।
पीएम मोदी से गले लगने को लेकर क्या बोले नेतन्याहू
इसके साथ ही नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर हुए खास स्वागत के पलों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी सारा ने मोदी का गले मिलकर स्वागत किया। इस गले मिलने को दुनिया ने 'मोदी हग' नाम दिया, जो अब भारत और इस्राइल की दोस्ती का प्रतीक बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे से दोनों देशों के बीच आर्थिक, सुरक्षा और तकनीकी सहयोग को नई गति मिली है। नेतन्याहू ने साफ कहा कि पीएम मोदी इस्राइल के महान दोस्त हैं और उनका दौरा गर्व की बात है।
ये भी पढ़ें:- PM Modi: इस्राइली संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय पीएम बने मोदी, 'स्पीकर ऑफ द नेसेट' सम्मान से नवाजे गए
भारत में यहूदियों को लेकर क्या बोले नेतन्याहू
अपने संबोधन में नेतन्याहू ने भारत में यहूदियों को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में यहूदी विरोध बढ़ रहा है, लेकिन ऐसे समय में भारत एक अलग और सकारात्मक उदाहरण के रूप में सामने आता है। भारत एक ऐसी सभ्यता है जहां यहूदियों को कभी भी प्रताड़ित नहीं किया गया। वहां उन्हें हमेशा अपनाया गया और सम्मान दिया गया। हम इसे कभी नहीं भूलते। इसके लिए मैं भारत को धन्यवाद देता हूं।