अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन के कथित रूप से बिगड़ते स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रपति चुनाव से पहले अपने फिर से चुनाव लड़ने पर गंभीरता से विचार करने की जरुरत है। एक समाचार पत्र के अनुसार, बराक ओबामा, जिन्होंने अब तक डेमोक्रेट उम्मीदवार के रूप में जो बाइडन की उम्मीदवारी का समर्थन किया है, उन्होंने सहयोगियों से कहा है कि उनकी जीत का संभावना बहुत कम हो गई है।
नैन्सी पेलोसी के बाद बराक ओबामा ने जताई चिंता
बराक ओबामा की चिंताएं पूर्व अमेरिकी हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी की तरफ से जो बाइडन से यह कहने के कुछ ही घंटों बाद आई हैं कि वे रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प को नहीं हरा सकते। नैन्सी पेलोसी ने कहा कि अगर जो बाइडन नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के लिए अपनी दावेदारी जारी रखते हैं, तो इससे डेमोक्रेट्स के दूसरे कार्यकाल के लिए सदन जीतने की संभावना प्रभावित हो सकती है।
बाइडन ने कहा- वे जीत सकते हैं चुनाव
हालांकि, राष्ट्रपति जो बाइडन ने पूर्व अमेरिकी हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी से कहा है कि सर्वेक्षणों से संकेत मिलता है कि वे चुनाव जीत सकते हैं। बता दें कि 27 जून को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ जो बाइडन की बहस के बाद से, जहां उनकी दावेदारी कमजोर दिखी थी, कई विश्लेषकों ने कथित तौर पर उनके "खराब" स्वास्थ्य के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति के फिर से चुनाव लड़ने पर चिंता जताई है।
पिछले हफ्ते ही, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और नैन्सी पेलोसी ने कथित तौर पर निजी तौर पर बात की थी, जिसमें राष्ट्रपति चुनावों के लिए जो बाइडन के अभियान और उनकी घटती लोकप्रियता पर चिंता जताई थी।
जो बाइडन ने पार्टी की अपीलों को किया खारिज
जो बाइडन ने अपने पद से हटने के लिए अपनी पार्टी के भीतर से की गई कई अपीलों को खारिज कर दिया है, और अपना विश्वास दोहराया है कि वे ट्रंप को हराने के लिए सबसे बेहतर स्थिति में डेमोक्रेट हैं। उन्होंने ब्लैक और लैटिनो निर्वाचित अधिकारियों के बीच अपने समर्थन पर बहुत भरोसा किया है।
ट्रंप पर हमले के बाद से बदल रहे समीकरण
वहीं डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले के बाद से रिपब्लिकन उम्मीदवार की चुनाव जीतने की संभावनाएं बढ़ गई है। दरअसल हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप की पेंसिल्वेनिया में रैली के दौरान गोली चलाई गई थी। जिस में वो बाल-बाल बच गए थे। हालांकि इस वारदात में एक शख्स की मौत और एक घायल हुआ था जबकि सीक्रेट सर्विेस ने हमलावर को मौके पर ही ढेर कर दिया था।