बांग्लादेश की राजनीतिक पार्टियों के बीच जारी प्रतिद्वंदिता अब हिंसक रूप ले चुकी है। सोमवार को लंदन में एनसीपी और अवामी लीग के समर्थक आपस में भिड़ गए। झड़प इतनी हिंसक थी कि इसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बांग्लादेश की राजनीतिक पार्टियों की लड़ाई अब देश की सरहदों को भी पार कर गई है। दरअसल सोमवार को बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना और एनसीपी नेता नाहिद इस्लाम के समर्थकों में लंदन में हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प में कई लोग घायल हुए हैं और चार घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
विज्ञापन
एनसीपी ने अवामी लीग पर क्या आरोप लगाए?
रिपोर्ट्स के अनुसार, नाहिद इस्लाम इन दिनों लंदन के दौरे पर हैं, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में पार्टी समर्थकों को संबोधित करेंगे। सोमवार शाम को लंदन के मेफेयर वेन्यू में भी नाहिद इस्लाम की पार्टी का कार्यक्रम था। एनसीपी ने फेसबुक पर साझा एक पोस्ट में बताया कि शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थक भी वेन्यू के बाहर इकट्ठा हो गए और एनसीपी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। एनसीपी का आरोप है कि अवामी लीग के समर्थकों ने एनसीपी समर्थकों पर हमला किया, जिसके बाद दोनों तरफ से हिंसक झड़प शुरू हो गई।
एनसीपी के अंतरराष्ट्रीय संबंधों के संयुक्त सदस्य सचिव अलाउद्दीन मोहम्मद ने बताया कि हमलावरों ने कांच की बोतलों और स्टील की रॉड से हमला किया। जिसमें कम से कम चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
कैसे बचे नाहिद इस्लाम
बांग्लादेश के मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, नाहिद इस्लाम मेफेयर वेन्यू के कार्यक्रम में तय समय से तीन घंटे पहले ही पहुंच गए थे। वहीं अवामी लीग के समर्थक बाद में घटनास्थल पहुंचे, जिसके बाद हिंसा हुई। हिंसा के बाद नाहिद इस्लाम को एहतियातन पिछले दरवाजे से निकाला गया। ब्रिटेन में रहने वाले बांग्लादेशी समुदाय ने घटना की कड़ी निंदा की है और इसे विदेश में देश के लिए बदनामी की बात बताया।
नाहिद इस्लाम ने घटना को लेकर क्या कहा?
एनसीपी नेता नाहिद इस्लाम ने अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर बांग्लादेश और ब्रिटेन में अशांति फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने सत्ताधारी बीएनपी के उस फैसले की भी आलोचना की, जिसके तहत अवामी लीग के साथ सुलह की कोशिश की जा रही है। नाहिद इस्लाम ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए ब्रिटिश सरकार से हिंसा की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।