फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

कितने अमीर हैं बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री: तारिक रहमान को PM के तौर पर कितनी ताकत मिलेगी, वेतन क्या होगा?

स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Tue, 17 Feb 2026 03:56 PM IST

सार

17 साल तक बांग्लादेश से निर्वासित रहे तारिक रहमान शपथ ग्रहण के बाद कितने शक्तिशाली हो गए हैं? उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर क्या ताकतें मिलेंगी? उनका वेतन कितना होगा? उनकी मौजूदा संपत्ति कितनी है?  भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों के मुकाबले उन्हें कितना वेतन मिलेगा? आइये जानते हैं...
विज्ञापन
विज्ञापन
बांग्लादेश के अगले पीएम तारिक रहमान। - फोटो : अमर उजाला
बांग्लादेश के लिए आज (17 फरवरी) नई पूर्णकालिक सरकार का गठन हो गया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ 20 साल बाद सत्ता में वापसी की है। बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान आज शाम प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। उनके साथ करीब 25 नेताओं के मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा 24 नेताओं ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली है। 

ऐसे में यह जानना अहम है कि 17 साल तक बांग्लादेश से निर्वासित रहे तारिक रहमान शपथ ग्रहण के बाद कितने शक्तिशाली हो गए हैं? उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर क्या ताकतें मिलेंगी? उनका वेतन कितना होगा? उनकी मौजूदा संपत्ति कितनी है?  भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों के मुकाबले उन्हें कितना वेतन मिलेगा? आइये जानते हैं...
विज्ञापन

बांग्लादेश के अगले पीएम तारिक रहमान। - फोटो : अमर उजाला
बांग्लादेश के लिए आज (17 फरवरी) नई पूर्णकालिक सरकार का गठन हो गया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ 20 साल बाद सत्ता में वापसी की है। बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान आज शाम प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। उनके साथ करीब 25 नेताओं के मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा 24 नेताओं ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली है। 

ऐसे में यह जानना अहम है कि 17 साल तक बांग्लादेश से निर्वासित रहे तारिक रहमान शपथ ग्रहण के बाद कितने शक्तिशाली हो गए हैं? उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर क्या ताकतें मिलेंगी? उनका वेतन कितना होगा? उनकी मौजूदा संपत्ति कितनी है?  भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों के मुकाबले उन्हें कितना वेतन मिलेगा? आइये जानते हैं...

पीएम पद की शपथ लेते ही कितने ताकतवर हो जाएंगे तारिक रहमान?

भारत की तरह ही बांग्लादेश में प्रधानमंत्री का पद सर्वोच्च होता है। यूं तो देश में सबसे ऊंचा पद राष्ट्रपति का कहा जाता है, लेकिन वे सिर्फ सांकेतिक तौर पर राष्ट्र प्रमुख की जिम्मेदारी निभाते हैं। कार्यकारिणी (एक्जीक्यूटिव) और संसद में प्रधानमंत्री ही प्रमुख नेता होता है। 

1. कार्यकारी शक्तियां

प्रधानमंत्री देश की प्रशासनिक व्यवस्था का नेतृत्व करता है।

मंत्रिमंडल का गठन: प्रधानमंत्री मंत्रियों का चयन करता है और उनके विभागों का बंटवारा करता है। वह किसी भी मंत्री को पद से हटा भी सकता है। बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, तारिक इस बार अपने कैबिनेट में एक हिंदू सांसद को भी शामिल कर सकते हैं।

प्रशासनिक देखरेख: प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) देश की खुफिया एजेंसियों, एनजीओ और राष्ट्रीय प्रोटोकॉल को नियंत्रित करता है।
 

2. विधायी शक्तियां

प्रधानमंत्री संसद (जातीय संसद) का नेता होता है।

कानून बनाना: सरकार की अधिकांश नीतियां और कानून प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही संसद में पेश किए जाते हैं। बीएनपी ने हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कानून को सख्त करने की बात कही है। ऐसे में अब यह तारिक रहमान के हाथ में होगा कि वह अपनी इस ताकत का इस्तेमाल कैसे करते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री संसद भंग करने के लिए राष्ट्रपति को सलाह दे सकते हैं, जिसे मानना राष्ट्रपति के लिए अनिवार्य होता है।



ये भी पढ़ें: तारिक रहमान का शपथ ग्रहण आज: चार साल की उम्र में जेल से बांग्लादेश के पीएम तक, 'डार्क प्रिंस' का राजनीतिक सफर
 

3. वित्तीय शक्तियां

वार्षिक राष्ट्रीय बजट प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में वित्त मंत्री द्वारा तैयार और पेश किया जाता है। बांग्लादेश में प्रधानमंत्री 'योजना आयोग' का अध्यक्ष होता है, जो देश के विकास के लिए बड़े प्रोजेक्ट्स तय करता है।
 

4. महत्वपूर्ण संस्थानों का नेतृत्व

प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण समितियों का अध्यक्ष होता है, जैसे- कैबिनेट डिवीजन का, जो सभी मंत्रालयों के काम के बीच तालमेल बिठाने का काम करता है। इसके अलावा देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के फैसले लेने वाली राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में भी पीएम की सर्वोच्च भूमिका होती है। यानी देश के घरेलू फैसलों से लेकर विदेश में कूटनीति से जुड़े फैसले पीएम के नेतृत्व में ही लिए जाते हैं।

प्रधानमंत्री पद की इन शक्तियों को नियंत्रित करने के लिए 2024 के विद्रोह के बाद कुछ संविधान संशोधन पेश किए गए थे। इसके लिए चुनाव के साथ ही एक जनमत संग्रह भी कराया गया था, जिसमें राष्ट्रपति को निगरानी से जुड़ी ताकतें देने का प्रावधान किया गया। हालांकि, इसके लागू होने को लेकर अभी भी संशय है।

प्रधानमंत्री के तौर पर कितनी तनख्वाह और कौन से लाभ पाएंगे तारिक?

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में तारिक रहमान को मिलने वाला वेतन और विशेषाधिकार प्रधानमंत्री (पारिश्रमिक और विशेषाधिकार) अधिनियम के तहत निर्धारित किए जाते हैं। 

  • प्रधानमंत्री के तौर पर अगर तारिक रहमान आधिकारिक निवास के बजाय अपने निजी घर में रहना चुनते हैं, तब भी सरकार उनके घर के फर्नीचर और रखरखाव का खर्च वहन करेगी।
  • उनके निवास के बिजली, गैस, पानी और टेलीफोन जैसे सभी बिलों का भुगतान सरकार करती है। प्रधानमंत्री और उनके परिवार को देश या विदेश के किसी भी अस्पताल में मुफ्त चिकित्सा उपचार का अधिकार है।
  • उनकी आधिकारिक जिम्मेदारियों और घरेलू यात्रा से जुड़े सभी खर्चों का वहन सरकार करेगी। उनकी सुरक्षा के लिए तैनात कर्मियों का खर्च भी सार्वजनिक खजाने से दिया जाएगा।
  • आधिकारिक क्षमता में किए गए मनोरंजन से जुड़े सभी खर्चों की पूरी भरपाई सरकारी खजाने से की जाती है।

ये भी पढ़ें: Bangladesh: चुनाव में बदली परिस्थितियां, जमात-नेशनल सिटीजन पार्टी की असफलता में छिपी है भारत की उम्मीद

कितने अमीर हैं तारिक रहमान?

तारिक रहमान की संपत्ति और वित्तीय स्थिति का विवरण उनके द्वारा चुनाव आयोग में जमा किए गए हलफनामे और आधिकारिक कर दस्तावेजों पर आधारित है। 

आय और बैंक बैलेंस कितना

सालाना आय: तारिक रहमान की वार्षिक आय 6.76 लाख टका है, जो पूरी तरह से शेयरों, बॉन्डों और बैंक जमा योजनाओं से आती है।
बैंक बैलेंस: उनके बैंक में कुल 1.23 करोड़ टका जमा दिखाए गए हैं। इसमें से 31.6 लाख टका नकद या बचत खाते में हैं, जबकि बाकी राशि फिक्स्ड डिपॉजिट में है। उनकी एफडी का एक बड़ा हिस्सा उनकी बेटी जाइमा रहमान के नाम पर है।

बांग्लादेश में उन्हें बड़े करदाता के वर्ग में रखा गया है। पिछले वित्तीय वर्ष में उन्होंने 1 लाख टका से कुछ अधिक कर भरा था।

कितनी चल-अचल संपत्तियों के मालिक?

चल संपत्ति
तारिक रहमान के पास 68.5 लाख टका कीमत के शेयर हैं। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपने पास दो लाख से कम मूल्य के फर्नीचर और सिर्फ 2,950 टका मूल्य का सोना घोषित किया है।

अचल संपत्ति
उनके पास बोगरा में दो एकड़ से ज्यादा जमीन है, इसकी खरीद के समय कीमत 3.45 लाख टका थी। इसके अलावा, उन्हें गाजीपुर और कॉक्स बाजार में अपने दिवंगत भाई अराफात रहमान कोको से विरासत में कुछ जमीन भी मिली है।

तारिक रहमान की पत्नी कितनी अमीर?

चुनावी हलफनामे के मुताबिक, तारिक रहमान के मुकाबले उनकी पत्नी- जुबैदा रहमान ज्यादा अमीर हैं। तारिक के हलफनामे में जुबैदा की वार्षिक आय 35.6 लाख टका दिखाई गई है, जबकि उनका बैंक बैलेंस 1 करोड़ टका था। उन्होंने पिछले साल 5.6 लाख टका का टैक्स दिया था। इसके अलावा जुबैदा के पास 111.25 डिस्मिल जमीन और 800 वर्ग फीट का एक डुप्लेक्स घर भी है।


 

संपत्ति छिपाने-कम दिखाने के लगे हैं आरोप

  • तारिक रहमान ने चुनाव से पहले जो हलफनामा चुनाव आयोग को सौंपा उसमें उल्लेख किया गया है कि वे बोगरा-6 निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए 30 लाख टका खर्च करेंगे। हालांकि, कई जानकारों ने सवाल उठाया है कि उनकी घोषित वार्षिक आय (6.76 लाख टका) इस खर्च की तुलना में काफी कम है।
  • पहले भी उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, जिनमें उन पर 4.82 करोड़ टका अवैध रूप से कमाने और 4.23 करोड़ टका की संपत्ति छिपाने का आरोप था। हालांकि, हालिया राजनीतिक बदलावों के बाद, बांग्लादेश के सर्वोच्च न्यायालय ने उन्हें सभी 77 मामलों में बरी कर दिया और अब ये मामले बंद हो चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next