बांग्लादेश के आगामी 13वें संसदीय चुनाव से पहले राष्ट्रीय नागरिक पार्टी (एनसीपी) ने जमात-ए-इस्लामी के साथ सीटों पर समझौता करने का एलान किया है। पार्टी के संयोजक नाहिद इस्लाम ने कहा कि राजनीतिक दलों में एकता और सुधारों को लागू करने के मकसद से यह कदम उठाया गया है।
ढाका ट्रिब्यून अखबार की खबर के मुताबिक, नाहिद ने बताया कि शुरुआत में एनसीपी ने चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया और नामांकन पत्र वितरण भी किया। इसके बाद पार्टी ने तीन दलों का गठबंधन बनाया। लेकिन शरीफ उस्मान हादी की हत्या ने स्थिति बदल दी। उन्होंने कहा, हमें लगा कि नए बांग्लादेश की प्रगति को रोकने और जेन-जी को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है। ऐसे में चुनाव को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए हमें जमात-ए-इस्लामी और समान विचारधारा वाले दलों के साथ समझौता करना जरूरी था।
ये भी पढ़ें:
China: थाईलैंड-कंबोडिया के राजनयिकों की वार्ता शुरू; मध्यस्थ के रूप में भूमिका मजबूत करना चाहता है चीन
उन्होंने आगे कहा कि एनसीपी और जमात अब मिलकर चुनाव लड़ेंगे। वहीं, शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जमात के अमीर शफीकुर रहमान ने भी यह घोषणा की कि लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) और एनसीपी जमात के नेतृत्व वाले आठ-दलीय गठबंधन में शामिल हो गए हैं। यह कदम आगामी चुनाव की दिशा और संभावित राजनीतिक समीकरणों को काफी प्रभावित कर सकता है।