बांग्लादेश के आम चुनाव 2024 में आवामी लीग को बड़ी सफलता मिली है। शेख हसीना रिकॉर्ड पांचवीं बार प्रधानमंत्री बनी हैं। उन्होंने चुनावी जीत के बाद कहा कि भारत बांग्लादेश का 'महान मित्र' है। बता दें कि 76 वर्षीय शेख हसीना 2009 से लगातार प्रधानमंत्री पद संभाल रही हैं। रविवार को हुए एकतरफा चुनाव में शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग ने प्रचंड बहुमत हासिल किया। बता दें कि दक्षिण एशियाई देश- बांग्लादेश के आम चुनाव पर दुनियाभर की नजरें टिकी थीं। हालांकि, इसमें काफी कम मतदान हुआ।
भारत के साथ दोस्ती पर बांग्लादेशी प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री शेख हसीना ने आम चुनावों में मिली बड़ी जीत के बाद कहा, भारत ने 1971 में और 1975 में भी हमारा समर्थन किया था। परिवार के सदस्यों की हत्या के छह साल बाद, भारत ने मुझे, मेरी बहन और मेरे परिवार के अन्य सदस्यों को आश्रय दिया था। उन्होंने कहा, 'हम भारत को अपना पड़ोसी मानते हैं। हमारे बीच कई समस्याएं थीं लेकिन हमने इसे द्विपक्षीय तरीके से हल किया। भारत के साथ हमारे रिश्ते अद्भुत हैं।' हसीना ने कहा, हर देश के साथ बांग्लादेश के अच्छे संबंध हैं क्योंकि यही हमारा आदर्श वाक्य है।
शानदार जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई
बांग्लादेश के चुनाव में मिली शानदार जीत पर पीएम मोदी ने भी शेख हसीना को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'मैं बांग्लादेश के लोगों को चुनाव सफलपूर्वक संपन्न कराने के लिए बधाई देता हूं।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत बांग्लादेश के साथ अपनी स्थायी और जन-केंद्रित साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शेख हसीना से फोन पर बात कर और आवामी लीग को बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में लगातार चौथी बार मिली ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी।
मां की तरह बांग्लादेश की जनता का ध्यान रखती हैं
चुनावी जीत के बाद प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपनी भावी नीति बताई। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में उनकी सरकार का मुख्य फोकस आर्थिक प्रगति पर होगा। हसीना ने कहा कि वह अपने लोगों के लिए काम करने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा, मां की तरह वह बांग्लादेश की जनता की देखभाल करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने मुझे मौका दिया है। चुनाव में हर बार लोगों ने आवामी लीग को वोट दिया है। यही कारण है कि वे एक बार फिर प्रधानमंत्री बनी हैं।
इंदिरा गांधी से तुलना पर क्या बोलीं शेख हसीना
पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और श्रीलंका के पूर्व प्रधानमंत्री सिरीमावो भंडारनायके जैसे वैश्विक नेताओं से तुलना किए जाने पर शेख हसीना ने कहा, 'वे बहुत महान महिलाएं हैं। मैं नहीं हूं। मैं बहुत सरल और आम व्यक्ति हूं। उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर अपनी सरकार की नीति पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, 'ऐसे लोग जो लोग आतंकवादी संगठनों से संबंध रखते हैं या अवैध गतिविधियों में लगे हुए हैं, चुनाव से डरते हैं और चुनाव लड़ने से बचते हैं, देश की जनता की जीत में योगदान देते हैं।'
2041 तक बांग्लादेश को विकसित करने का लक्ष्य
चुनावी जीत के बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री निवास गणभवन में मीडिया को संबोधित करते हुए बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा, 'स्वभाव से, हमारे लोग बहुत स्मार्ट हैं।' उन्होंने कहा, सरकार अपनी युवा पीढ़ी को भविष्य के लिए प्रशिक्षित करना चाहते हैं। 2041 तक देश को विकसित करना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट जनसंख्या, स्मार्ट सरकार, स्मार्ट अर्थव्यवस्था और स्मार्ट समाज आवामी लीग की सरकार का मुख्य उद्देश्य है।
चुनावी घोषणापत्र को लेकर बेहद गंभीर है आवामी लीग
आवामी लीग की सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए शेख हसीना ने कहा, 'हमने जो भी काम शुरू किया है उसे पूरा करना होगा। हमने अपना घोषणापत्र पहले ही जारी कर दिया है। जब भी हम अपना बजट बनाते हैं और अपने वादों को पूरा करने का प्रयास करते हैं तो हम अपने चुनावी घोषणा पत्र के मुताबिक करते हैं। जनता और देश का विकास ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।