फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हसीना के प्रत्यर्पण पर भारत ने शर्त रखी?: बांग्लादेश ने किया रिपोर्ट का खंडन; कहा- ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई

Mon, 16 Nov 2026 08:24 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, ढाका।

सार

बांग्लादेश ने उस मीडिया रिपोर्ट को खारिज किया है, जिसमें दावा किया गया था कि भारत ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने हसीना के प्रत्यर्पण और दोनों देशों के संबंधों पर क्या कहा? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 
विज्ञापन
शेख हसीना - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश ने सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट को खारिज कर दिया। इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। बांग्लादेश ने कहा कि दोनों देशों के बीच ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है।
विज्ञापन


विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा, ढाका को उम्मीद है कि शेख हसीना दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस आएंगी। बांग्लादेश ने हसीना को सौंपने के लिए नई दिल्ली को कई बार पत्र भी लिखा है।

ये भी पढ़ें: एक्सप्लेनर: पहली बार एक मेज पर आ रहीं तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियां, क्या है वजह; कहां होगी बैठक, मायने क्या?
विज्ञापन


रिपोर्ट में क्या दावा किया गया था?
शमा ओबैद इस्लाम का यह बयान बीबीसी बांग्ला की एक रिपोर्ट के बाद आया। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत ने हसीना के नए सिरे से मुकदमे और मौत की सजा के खिलाफ अपील का मौका देने की शर्त रखी है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने कथित तौर पर इन शर्तों को हसीना के प्रत्यर्पण के लिए जरूरी बताया था। इस पर इस्लाम ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहा, नहीं, बिल्कुल नहीं। इस मामले पर हमारी उनके (भारत) साथ ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है। 

बांग्लादेश ने हसीना की वापसी के लिए क्या कहा?
कुछ दिन पहले बांग्लादेश के कानून मंत्री मोहम्मद असदुज्जमान ने कहा था कि हसीना की वापसी के लिए जरूरी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। अब प्रत्यर्पण पर फैसला नई दिल्ली को करना है।

असदुज्जमान ने कहा था, हमने कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी तरफ से जरूरी सभी काम पूरे कर लिए हैं। अब वे (भारत) क्या करेंगे, यह उन पर निर्भर करता है। कानून मंत्री ने यह भी कहा था कि बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट के पास मानवता के खिलाफ अपराध के मामलों में अपील दाखिल करने की समय-सीमा बढ़ाने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है।

बांग्लादेश कब से हसीना को सौंपने की मांग रहा है?
बांग्लादेश 5 अगस्त 2024 से भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है। हसीना इसी दिन देश छोड़कर भारत आ गई थीं। उस समय छात्र आंदोलन ने उनकी अवामी लीग सरकार को सत्ता से हटा दिया था।

नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने हसीना को मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी ठहराया था। यह मामला जुलाई-अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई में उनकी भूमिका से जुड़ा था।

हसीना को किस मामले में सजा सुनाई गई?
हसीना की गैरमौजूदगी में मुकदमा चलाया गया था। उन्हें एक मामले में मौत की सजा सुनाई गई। दूसरे मामले में उम्रकैद की सजा दी गई। हसीना ने आरोपों और पूरी कानूनी कार्रवाई को खारिज किया है। भारत ने माना है कि उसे बांग्लादेश से प्रत्यर्पण के अनुरोध मिले हैं। हालांकि, भारत ने अभी तक हसीना को बांग्लादेश को सौंपने पर कोई फैसला नहीं लिया है।

भारत ने प्रत्यर्पण पर क्या कहा?
शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि हसीना का प्रत्यर्पण कानूनी मामला है। इस पर उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा, भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर संबंध चाहता है।

हसीना ने बांग्लादेश लौटने की बात क्यों कही?
79 साल की शेख हसीना ने कई बार बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा है कि वह दिसंबर में वापस लौटना चाहती हैं। हालांकि, वहां उनकी जान को खतरा हो सकता है। 

रविवार को उनकी अवामी लीग पार्टी के समर्थकों ने उनके गृह जिले गोपालगंज में हिंसक प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों और पुलिस की संपत्तियों पर हमला किया। हसीना की संभावित वापसी को लेकर देश में राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है।

इसी महीने की शुरुआत में हसीना ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से संपर्क किया था। उन्होंने वापसी की तैयारी के लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र मांगा था। हालांकि, ढाका का कहना है कि उनकी वापसी मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत ही होनी चाहिए।

पासपोर्ट को लेकर बांग्लादेश ने क्या कहा?
हसीना के पासपोर्ट आवेदन पर शमा ओबैद इस्लाम ने कहा, बांग्लादेश का नागरिक होने से यह पक्का नहीं हो जाता कि आपको बांग्लादेशी पासपोर्ट मिल ही जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित कानून सरकार को दोषी ठहराए गए अपराधियों या गंभीर आरोपों का सामना कर रहे लोगों को पासपोर्ट जारी करने के लिए बाध्य नहीं करते।

इस्लाम ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते सिर्फ हसीना के प्रत्यर्पण तक सीमित नहीं हैं। भारत और बांग्लादेश के बीच कई अहम मुद्दे हैं। इनका समाधान कूटनीति के जरिये किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, बांग्लादेश-भारत के रिश्ते शेख हसीना से कहीं बड़ा मुद्दा हैं। 
विज्ञापन


बांग्लादेश में फरवरी में सत्ता परिवर्तन हुआ था। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने सत्ता एक चुनी हुई सरकार को सौंप दी थी। अब प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में चुनी हुई सरकार है। इसके बावजूद ढाका ने हसीना के प्रत्यर्पण की मांग जारी रखी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें