अंतरिक्ष में जाने के लिए चार लोगों का पहला निजी क्रू तैयार हो गया है। इनमें से तीन लोग स्पेसएक्स के रॉकेट में उड़ान भरेंगे और प्रति व्यक्ति उन्हें 55 मिलियन डॉलर की राशि का भुगतान करना होगा। इन चारों लोगों का नेतृत्व नासा के पूर्व अंतरिक्षयात्री द्वारा किया जाएगा।
ये अंतरिक्षयात्री अब एक्सिअम स्पेस के लिए काम कर रहे हैं। ये कंपनी ह्यूस्टन में स्थित है और अगले साल जनवरी में होने वाली एक अंतरिक्ष यात्रा की तैयारी कर रही है। एक्सिअम स्पेस के सीईओ और अध्यक्ष माइक सेफरीडेनी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के लिए यह पहली निजी उड़ान होगी, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है।
सेफरीडेनी ने बताया कि मिशन कमांडर माइकल लोपेज अलीगरिया को स्पेस सर्किल्स के लिए जाना जाता है लेकिन बाकी के तीन लोग ऐसे हैं, जो अंतरिक्ष में जाने की इच्छा रखते हैं और योग्य भी हैं और हम उन्हें ये अवसर दे रहे हैं।
ये पहला निजी क्रू स्पेस स्टेशन में आठ दिनों तक रहेगा। एक्सिअम स्पेस की निजी अंतरिक्ष यात्रा में पहला यात्री लैरी कोनोर है, जो एक रियल एस्टेट और टेक आंत्रेप्रोन्योर हैं। इसके अलावा कैनेडियन फाइनेंशियर मार्क पैथी और इजराइली व्यापारी इयटेन स्टीब्ब इस यात्रा में शामिल होंगे।
इन तीनों यात्रियों को एक मेडिकल टेस्ट को पास करना होगा और इन्हें 15 हफ्तों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक्सिअम स्पेस एक साल में दो अंतरिक्ष यात्रा करने की योजना बना रहा है। इन तीनों यात्रियों में लैरी कोनोर की उम्र 70 साल है, वो इस उम्र में अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे व्यक्ति होंगे। इससे पहले जॉन गलेन ने 1988 में 77 साल की उम्र में अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थी।